यमुना एक्सप्रेस वे पर हादसे में दो की मौत, तीन विदेशी घायल

ईकोटेक एक कोतवाली क्षेत्र स्थित यमुना एक्सप्रेस वे पर रविवार सुबह कर

By JagranEdited By: Publish:Sun, 24 Oct 2021 07:04 PM (IST) Updated:Sun, 24 Oct 2021 07:04 PM (IST)
यमुना एक्सप्रेस वे पर हादसे में दो की मौत, तीन विदेशी घायल
यमुना एक्सप्रेस वे पर हादसे में दो की मौत, तीन विदेशी घायल

संवाद सहयोगी, दनकौर :

ईकोटेक एक कोतवाली क्षेत्र स्थित यमुना एक्सप्रेस वे पर रविवार सुबह करीब आठ बजे रफ्तार का कहर देखने को मिला। तेज रफ्तार से आ रही होंडा सिविक कार ने खराब होने के कारण खड़े ट्रेवलर व पास खड़े दो लोगों में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पश्चिम बंगाल निवासी दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार सवार तीन नाइजीरियाई मूल के नागरिक समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों घायल विदेशी भी दिल्ली से आगरा जा रहे थे। सभी को पुलिस व एक्सप्रेसवे कर्मियों ने ग्रेटर नोएडा के कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने पंचनामा भरकर दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के संबंध में खबर लिखे जाने तक कोई मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है।

पुलिस ने बताया कि पश्चिम बंगाल के हावड़ा निवासी सपन भट्टाचार्य ( 56 ) और साहेब मंडल ( 54 ) व साहेब मंडल की पत्नी नेहा मंडल समेत नौ लोग ट्रेवलर में सवार होकर आगरा स्थित ताजमहल को देखने जा रहे थे। ईकोटेक एक कोतवाली क्षेत्र स्थित यमुना एक्सप्रेस वे पर ट्रेवलर गाड़ी खराब हो गई। सपन भट्टाचार्य और साहेब मंडल गाड़ी से नीचे उतरकर यमुना एक्सप्रेस वे पर खड़े हो गए। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार अनियंत्रित होंडा सिविक कार ने बाहर खड़े दोनों लोगों व ट्रेवलर में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में सपन भट्टाचार्य व साहेब मंडल की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। नेहा मंडल व होंडा सिविक कार में सवार नाइजीरियाई मूल के ड्यू मसी, लूसी व जान घायल हो गए।

हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ लग गई। लोगों ने घटना की जानकारी एक्सप्रेसवे कर्मियों व पुलिस को दी।। मौके पर पहुंची पुलिस ने राहत व बचाव कार्य शुरू करते हुए होंडा सिविक कार की खिड़की काटकर नाइजीरियाई मूल के तीनों नागरिकों को बाहर निकाला। कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के कारण एक्सप्रेस वे पर कुछ देर के लिए जाम लग गया।

chat bot
आपका साथी