सड़क पर डिपो नही ओपो की दौड़ रही बस

वैभव तिवारी नोएडा डग्गामार बस का संचालन सरकार के मंसूबों पर पानी फेरने का काम कर

By JagranEdited By: Publish:Sat, 04 Dec 2021 10:28 PM (IST) Updated:Sat, 04 Dec 2021 10:28 PM (IST)
सड़क पर डिपो नही ओपो की दौड़ रही बस
सड़क पर डिपो नही ओपो की दौड़ रही बस

वैभव तिवारी , नोएडा :

डग्गामार बस का संचालन सरकार के मंसूबों पर पानी फेरने का काम कर रहा है। यात्रा के दौरान सुरक्षा मापदंड का पालन नही करने के साथ परमिट की शर्त का उल्लंघन जिले में लगातार जारी है, जिसके कारण यात्रियों को दुर्घटना की संभावनाओं के बीच आवाजाही करनी पड़ रही है। वहीं सरकार के राजस्व को करोड़ों रुपये का नुकसान हो रहा है। भ्रामक रंग और मिलते-जुलते रंगों पर परिवहन विभाग और रोडवेज के अधिकारी कार्रवाई का दावा करते हैं। शनिवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पर डग्गामार बसें दौड़ते हुए नजर आई हैं। सेक्टर-62 कट पर गाजियाबाद की तरफ से आने वाली डग्गामार बस सवारियों को सड़क पर उतारती और चलती बस में बैठाती हुई देखी गई है। कौशांबी डिपो की जगह कौशांबी (ओपो) की बस सड़क पर दौड़ती रही। जो हापुड़ से संचालित होकर धड़ल्ले से दौड़ती रही। वहीं दोपहर साढ़े बारह बजे सेक्टर-15 और 12-22 चौराहे पर डग्गामार बस सवारियां बैठाती रहीं। डेढ़ बजे सेक्टर-3 स्थित एमपी-1 ए मार्ग और विजयंत थापर मार्ग, सेक्टर-62 में खोड़ा चौक और लेबर चौक पर उल्लंघन जारी रहा है। सेक्टर-37 से नियमों का उल्लंघन कर बसें मेरठ, आगरा, बिजनौर, कानपुर, लखनऊ, कुशीनगर, बिहार के पटना समेत अन्य जिलों को जाती रहीं। सेक्टर-55, 12-22, 16 सहित कई अन्य जगहों पर सड़क किनारे डग्गामार बसें खड़ी रही हैं।

--- ---

बस को दिया जा रहा परमिट

बसों को राष्ट्रीय स्तर, प्रदेश स्तर, एनसीआर क्षेत्र, स्कूल और निजी कार्य में उपयोग करने के साथ विशेष परमिट दिया जाता है। इसमें निश्चित स्थान से दूसरे निर्धारित स्थान पर परमिट के मानकों को पूरा करते हुए सवारियों को पहुंचाया जाता है। सड़क पर दौड़ रही बस को जगह-जगह से सवारियां उठाने की अनुमति नही होती है। जिले में अक्टूबर तक 4,164 बसें दौड़ रही हैं।

कार्रवाई का दावा

परिवहन विभाग ने अप्रैल से नवंबर तक 696 वाहनों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की है। परमिट का उल्लंघन करने पर इस दौरान 319 वाहनों के खिलाफ सीज की कार्रवाई की गई है। इसमें एक करोड़ नौ लाख रुपये का राजस्व वसूला गया। डग्गामार वाहनों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। 37 वाहनों के खिलाफ शनिवार को कार्रवाई की गई है।

-अरूणेंद्र कुमार पांडेय, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन), गौतमबुद्ध नगर

chat bot
आपका साथी