कोविड अस्पताल में स्टाफ की कमी स्वास्थ्य विभाग के लिए चुनौती
जासं नोएडा सेक्टर-39 में कोविड अस्पताल का शुभारंभ हो चुका है। आज से यहां मरीज भी भती
जासं नोएडा :
सेक्टर-39 में कोविड अस्पताल का शुभारंभ हो चुका है। आज से यहां मरीज भी भर्ती होने शुरू हो जाएंगे। फिलहाल अस्पताल में 168 बेड पर मरीजों को उपचार मिलेगा। लेकिन बढ़ती संक्रमण की दर को देखते हुए अस्पताल में स्टाफ की कमी स्वास्थ्य विभाग के लिए चुनौती रहेगी। अस्पताल में कई आधुनिक उपकरण लगे हैं, जिन्हें चलाने को जिला अस्पताल के स्वास्थ्यकर्मियों की मदद ली जा रही है।
अस्पताल को फिलहाल एल-2 श्रेणी में रखा गया है। लेकिन मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार जल्द ही इसे एल-3 श्रेणी में तब्दील किया जाएगा। 400 बिस्तरों की क्षमता वाले अस्पताल में अगस्त के अंतिम सप्ताह तक 200 बिस्तरों पर उपचार शुरू हो जाएगा। लेकिन यहां इमरजेंसी, आइसीयू और आइसोलेशन में मरीजों का उपचार करने के लिए मात्र 28 डॉक्टर ही मिले हैं। इनमें कुछ जिला अस्पताल और कुछ लखनऊ से आए है। देखा जाए तो जिला अस्पताल में भी प्रतिदिन 500 मरीज उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। डॉक्टरों की कमी के चलते जिला अस्पताल में मरीजों का उपचार प्रभावित होगा। वहीं अस्पताल की भर्ती प्रक्रिया में सिफारिश का खेल पकड़े जाने के बाद डीएम ने सीएमओ स्तर से भर्ती करने पर रोक लगा दी है। स्टाफ की पूर्ति लखनऊ से होगी।