अपनी संस्कृति का विश्व स्तर पर करें प्रचार:अश्विनी चौबे

-आने वाले समय में विश्व को रास्ता दिखाएगा भारत

By JagranEdited By: Publish:Sun, 14 Nov 2021 08:31 PM (IST) Updated:Sun, 14 Nov 2021 08:33 PM (IST)
अपनी संस्कृति का विश्व स्तर पर करें प्रचार:अश्विनी चौबे
अपनी संस्कृति का विश्व स्तर पर करें प्रचार:अश्विनी चौबे

जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा:

रामधुन फाउंडेशन के द्वारा नालेज पार्क स्थित शारदा विवि में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विषय आदि गुरु से विश्व गुरु था। विषय पर वक्ताओं ने अपने विचार रखे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय पर्यावरण राज्यमंत्री अश्विनी चौबे थे।

अश्विनी चौबे ने कहा कि यदि किसी को गुलाम बनाना हो तो उसके विचारों को नष्ट करो। पूर्व में हमारे साथ भी ऐसा ही हुआ था। सभी को चाहिए कि अपनी भाषा में बात करें, अपनी संस्कृति को दूसरों तक पहुंचाएं और इसकी अच्छाइयों से लोगों को रूबरू कराएं। ऐसा होने के बाद किसी की ताकत नहीं है कि कोई हमें डिगा सके। उन्होंने बाल दिवस के मौके पर मंच पर बच्चों को बुलाकर उनसे संवाद किया और उन्हें सम्मानित किया। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और पीएम नरेन्द्र मोदी के यूएन में दिए भाषणों का जिक्र किया। कहा कि वैदिक संस्कृति आज भी प्रासंगिक है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में भारत विश्व को रास्ता दिखाएगा। आज के युवा में इतनी शक्ति है कि वह आने वाले समय का नेतृत्व करेगा। विशिष्ट अतिथि भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गोपाल कृष्ण अग्रवाल ने आर्थिक मोर्चे पर अपनी बात रखी और कहा कि आर्थिक रूप से सशक्त देश ही अपनी जगह बनाता है। शारदा विवि के प्रो चांसलर वाई के गुप्ता ने कहा कि विवि से प्रतिवर्ष मेडिकल, इंजीनियरिग, नर्सिंग, डेंटल और अन्य कालेजों से प्रतिभाएं निकलती हैं। उन्होंने अपनी काबिलियत से न केवल खुद को स्थापित किया बल्कि औरों को भी प्रेरित किया। कोरोना महामारी में छात्रों ने सबसे छोटा वेंटिलेटर बनाकर एक नई नजीर पेश की। छात्रों ने ऐसा रोबोट बनाया जो मरीजों और डॉक्टरों के बीच सीधे संवाद को स्थापित किया। ऐसे में शारदा विवि अपने स्तर पर भारत को विश्व गुरु बनने में सहयोग देगा।

chat bot
आपका साथी