प्रधानों ने प्रदर्शन कर लोकपाल पर लगाए गंभीर आरोप

जागरण संवाददाता ग्रेटर नोएडा अखिल भारतीय प्रधान संगठन बैनर तले ग्राम प्रधानों ने बुधवार को

By JagranEdited By: Publish:Wed, 28 Oct 2020 07:46 PM (IST) Updated:Wed, 28 Oct 2020 07:46 PM (IST)
प्रधानों ने प्रदर्शन कर लोकपाल पर लगाए गंभीर आरोप
प्रधानों ने प्रदर्शन कर लोकपाल पर लगाए गंभीर आरोप

जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा : अखिल भारतीय प्रधान संगठन बैनर तले ग्राम प्रधानों ने बुधवार को विकास भवन पहुंचकर प्रदर्शन किया। प्रधानों ने मनरेगा लोकपाल मेरठ मंडल पर पद का दुरुपयोग करने का आरोप लगाते हुए मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार सिंह को ज्ञापन सौंपा । प्रदर्शन के दौरान प्रधानों ने आरोप लगाया कि लोकपाल मनरेगा योजना के नाम पर ग्राम प्रधानों का उत्पीड़न कर रही हैं। बता दें कि महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) के तहत कार्यों की जांच करने व मजदूरों को उनका अधिकार दिलाने के लिए मनरेगा लोकपाल मेरठ मंडल अंशु त्यागी नियुक्त की गई है। मजदूरों की शिकायतों का संज्ञान लेते हुए लोकपाल गांवों का निरीक्षण कर खंड विकास अधिकारी के साथ-साथ प्रधान व पंचायत सचिवों से जवाब मांग रही हैं। अभी कुछ दिन पहले उन्होंने दादरी के छायसा गांव का निरीक्षण कर मनरेगा के तहत कार्यों से असंतुष्टि जताई थी। कई अन्य गांवों में भी मनरेगा कार्यों में लोकपाल ने भ्रष्टाचार होने की आशंका जताई है। लोकपाल ने अधिकारियों के सहयोग न करने पर जिलाधिकारी को भी अनुरोध पत्र लिखा था। साथ ही रिपोर्ट शासन को भेज दी थी। वहीं प्रधानों का आरोप है कि लोकपाल गांवों में मनरेगा योजना के निर्देशों के विपरीत जाकर ग्रामवासियों को गुमराह कर रही हैं। शिकायती पत्रों के जांच के नाम पर अन्य मदों में कराए गए कार्यों के जांच अभिलेख मांगे जा रहे हैं, जबकि लोकपाल केवल मनरेगा के कार्यों की जांच के लिए ही नियुक्त है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि प्रधान जनता का चुना हुआ प्रतिनिधि होता है। ग्रामीणों के सामने उन पर न केवल भ्रष्टाचार के आरोप लगाए जा रहे हैं बल्कि उन्हें जेल भेजने की धमकी दी जा रही है। जिससे उनकी छवि धूमिल हो रही है। प्रधानों ने लोकपाल पर रिश्वत मांगने का भी आरोप लगाया है। लगाए गए आरोप निराधार है। शिकायतों के आधार पर मनरेगा के कार्यों की ही जांच की गई है। निरीक्षण के दौरान बाकायदा वीडियोग्राफी कराई गई है। मनरेगा में भ्रष्टाचार की जांच को प्रभावित करने के लिए कुछ लोग ऐसा कदम उठा रहे हैं। जांच रिपोर्ट तैयार कर शासन को भेज दी गई है।

-अंशु त्यागी, मनरेगा लोकपाल, मेरठ मंडल

chat bot
आपका साथी