पीएम के साथ गणतंत्र दिवस परेड देखेंगे मृगांक

जागरण संवाददाता नोएडा देश और शहर का मान बढ़ाते हुए इस वर्ष प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के

By JagranEdited By: Publish:Fri, 22 Jan 2021 11:31 PM (IST) Updated:Fri, 22 Jan 2021 11:31 PM (IST)
पीएम के साथ गणतंत्र दिवस परेड देखेंगे मृगांक
पीएम के साथ गणतंत्र दिवस परेड देखेंगे मृगांक

जागरण संवाददाता, नोएडा :

देश और शहर का मान बढ़ाते हुए इस वर्ष प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ गणतंत्र दिवस की परेड देखने के लिए नोएडा के मेधावी मृगांक पावागी को आमंत्रित किया गया है। मृगांक सत्र 2020 कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा में 99.6 फीसद अंक हासिल कर जिले के टॉपर रहे। सेक्टर-28 स्थित विश्व भारती स्कूल के छात्र मृगांक को 11 जनवरी को सीबीएसई की ओर से परेड में शामिल होने के लिए आमंत्रण दिया गया था। इस वर्ष गणतंत्र दिवस की परेड देखने के लिए देशभर के 50 मेधावियों को यह अवसर प्रदान किया गया है। इस अवसर पर छात्रों को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित भी किया जाएगा। मृगांक के पिता मिलिद पावागी बताते हैं कि परिवार में पहली बार किसी सदस्य को सरकार की ओर से इतने बड़े कार्यक्रम में शामिल होने का न्योता मिला है। यह परिवार, स्कूल और जिले के लिए बहुत गर्व की बात है। देश के सबसे बड़े उत्सव में शामिल होने पर मृगांक काफी खुश और उत्साहित हैं।

-----

गूगल से लेकर साउथ ईस्ट एशिया के कई अवार्ड कर चुके हैं हासिल

सेक्टर 82 में रहने वाले मृगांक पढ़ाई में अव्वल रहने के साथ ही तकनीकी और शोध के क्षेत्र में काफी आगे रहे हैं। 14 वर्ष की उम्र में उन्होंने ऐसा एप बनाया था जिसके लिए गूगल ने उन्हें सम्मानित किया था। उन्होंने वेबमी के नाम से ऐसा एंड्राइड एप बनाया है जोकि वीडियो गेम के जरिये लोगों को इंटरनेट की दुनिया में सुरक्षित रहने की जानकारी देता है। 2018 में गूगल इंडिया की गूगल वेब रेंजर्स प्रतियोगिता में विजेता रहने पर सम्मानित हुए थे। वह इंटेल कंपनी की मदद से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़े एप पर भी काम कर रहे हैं। इतना ही नहीं तकनीकी जानकारी पर आधारित तकनीकी ब्लॉग भी चलाते हैं। मृगांक की मां सोनिया पावागी बताती हैं कि एममीलियन प्रतियोगिता में बेटे को साउथ ईस्ट एशियन श्रेणी में सम्मानित किया जा चुका है। मृगांक इस समय कक्षा 11वीं में पढ़ रहे हैं और भविष्य में भी शोध और तकनीक के क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहते हैं। उनकी सफलता पर विश्व भारती स्कूल की प्रधानाचार्य वीरा पाण्डेय ने उन्हें और परिवार को इस उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं दीं हैं।

chat bot
आपका साथी