विश्व पर्यावरण दिवस: हरियाली क्रांति के लिए साथ आए पीपल बाबा और भाजपा नेताओं ने लगाए पौधे

पीपल बाबा का कहना है कि हमें अपने बेडरूम में रात को ऑक्सीजन देने वाले पौधे ड्राइंग रूम में सजावटी पौधे बालकनी में कम ऊंचाई के पौधे लगाने चाहिए। जबकि रेलिंग पर किचन गार्डनिंग करनी चाहिए। इससे हमें शुद्ध हवा मिलेगी।

By Prateek KumarEdited By: Publish:Sat, 05 Jun 2021 09:23 PM (IST) Updated:Sat, 05 Jun 2021 09:23 PM (IST)
विश्व पर्यावरण दिवस: हरियाली क्रांति के लिए साथ आए पीपल बाबा और भाजपा नेताओं ने लगाए पौधे
नोएडा के सेक्टर 115 में पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

नोएडा, आनलाइन डेस्क।। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शनिवार को नोएडा के सेक्टर 115 में पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम गीव मी ट्री ट्रस्ट के तत्वाधान में किया गया। इसका नेतृत्व पीपल बाबा ने किया। कार्यक्रम के दौरान कोरोना नियमों का पूरा पालन किया गया। इस कारण इसमें चुनिंदा लोग ही शामिल हुए।

हरियाली क्रांति के तहत शनिवार को उदय उपवन सोरखा में आयोजित हुआ। इसमें सांसद भाजपा के जिलाध्यक्ष मनोज गुप्ता ने चीफ गेस्ट के तौर पर शिरकत की। इस दौरान पीपल बाबा, गिरिजा सिंह और पूजा कपिल मिश्रा ने बरगद व पीपल के पौधे लगाए। इसके जरिए उन्होंने वातावरण को शुद्ध करने का संदेश भी दिया। कार्यक्रम का आयोजन गीव मी ट्री ट्रस्ट ने किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने मास्क लगाए हुए थे। साथ ही उन्होंने शारीरिक दूरी का भी पालन किया।

इस अवसर पर पीपल बाबा ने कहा कि लोग अपने खेतों के किनारे या बंजर जमीनों में पेड़ लगाएं। ये पेड़ 20 से 25 साल में उनके लिए आर्थिक श्रोत का एक बड़ा जरिया बनेंगे। इसे कोरोना काल का फिक्स डिपोजिट भी कहा जा सकता है। पिछले साल 950 करोड़ से ज्यादा की नर्सरी बर्बाद हो गई थी, उनकी टीम ने गांव-गांव जाकर उनको पौधे बांटे हैं।

पीपल बाबा का कहना है कि हमें अपने बेडरूम में रात को ऑक्सीजन देने वाले पौधे, ड्राइंग रूम में सजावटी पौधे, बालकनी में कम ऊंचाई के पौधे लगाने चाहिए। जबकि रेलिंग पर किचन गार्डनिंग करनी चाहिए। इससे हमें शुद्ध हवा मिलेगी। हमारे फेफड़े मजबूत रहेंगे और पूरा परिवार स्वस्थ रहेगा। अगर हर घर ऐसा करने का संकल्प लेकर हरियाली होम्स बनाने का काम पूरा कर लेता है तो देश में स्वास्थ्य बजट को 70% तक कम किया जा सकता है। आपको बता दें कि पीपल बाबा के नेतृत्व वाली संस्था गीव मी ट्री ट्रस्ट इस बार पर्यावरण माह (5 जून से 5 जुलाई तक) मना रही है। इस दौरान हरियाली होम्स विकसित करने के लिए भी ट्रेनिंग दी जा रही है। कोरोना काल में देश में आई ऑक्सीजन की समस्या के पूर्ण समाधान के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत लोगों को ट्रेनिंग और बीज व खाद देकर घर में ऑक्सीजन देने वाले पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसके लिए इच्छुक लोगों को उनकी टीम से संपर्क करना होगा।

कार्यक्रम में पहले सांसद डॉ. महेश शर्मा का भी आना तय था लेकिन किसी कारणवश वह नहीं पहुंच पाए। उनके प्रतिनिध के तौर पर गौतमबुद्ध नगर भाजपा अध्यक्ष मनोज गुप्ता शामिल हुए। मनोज गुप्ता ने कहा कि वह हरियाली क्रांति अभियान में पीपल बाबा के साथ कंधे से कंधे से मिलाकर चलेंगे और पार्टी का हर कार्यकर्ता उनके इस अभियान में सहयोग करेगा। इस मौके पर गिरिजा सिंह (प्रभारी महिला मोर्चा ) कैप्टन विकास गुप्ता (चेयरमैन उत्तर प्रदेश कौंसिल ऑफ़ एग्रीकल्चरल रिसर्च ) श्रुति त्यागी (कार्यक्रम संयोजक ) आदि गणमान्य उजस्थित रहे।

chat bot
आपका साथी