ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेस वे पर लगा तीन किलोमीटर लंबा जाम, कई घंटों से लोग परेशान

यमुना एक्सप्रेसवे के जेवर टोल प्लाजा पर करीब तीन किलोमीटर लंबा जाम लग गया है। जाम में फंसे लोग ट्विटर पर नोएडा पुलिस से मदद मांग रहे हैं। लोगों की शिकायत को देखते हुए यातायात पुलिस व स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंचकर व्यवस्था सुचारू कराने में जुट गई है।

By Mangal YadavEdited By: Publish:Sat, 02 Oct 2021 01:45 PM (IST) Updated:Sat, 02 Oct 2021 01:45 PM (IST)
ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेस वे पर लगा तीन किलोमीटर लंबा जाम, कई घंटों से लोग परेशान
ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे के जेवर टोल पर लगी वाहनों की लंबी कतार।

ग्रेटर नोएडा [प्रवीण विक्रम सिंह]। यमुना एक्सप्रेस-वे पर आरामदायक सफर की चाह में निकले हजारों वाहन शनिवार को जेवर टोल प्लाजा पर लगे लंबे जाम में फंस गए। वाहन चालकों का आगरा तक पहुंचने का समय जेवर टोल पार करने में ही बर्बाद हो गया। जेवर कोतवाली पुलिस ने जेपी इन्फ्राटेक के निजी सुरक्षाकर्मियों के साथ घंटों की मशक्कत के बाद किसी तरह जाम खुलवाया और टोल पर फंसे वाहनों को निकाला। करीब छह घंटे तक एक्सप्रेस-वे पर जाम लगा रहा। कुछ वाहन चालक अपना आगे का प्लान बदल जेवर से ही दिल्ली वापस लौट गए।

एक्सप्रेस-वे पर जाम के दौरान दो लेन पर बनी फास्टैग की व्यवस्था भी ध्वस्त रही। फास्टैग लेन से गुजरने वाले वाहनों को भी जाम का सामना करना पड़ा। पुलिस के मुताबिक वाहनों का अधिक दबाव होने के चलते जाम की स्थिति उत्पन्न हुई।

शनिवार को महात्मा गांधी के जन्म तिथि की छुट्टी व अगले दिन रविवार होने की वजह से लोगों ने मथुरा व आगरा घूमने का प्लान बनाया। इस कारण सुबह करीब सात बजे से ही जेवर टोल पर वाहनों का दबाव बढ़ना शुरू हो गया। लगातार दिल्ली एनसीआर की तरफ से पहुंचते वाहनों की वजह से टोल से ग्रेटर नोएडा की तरफ करीब तीन किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई।

जेवर टोल पर जाम की समस्या को ट्विटर पर अमित सिंह नाम के व्यक्ति ने साझा किया। सूचना मिलते ही जेवर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू करने का प्रयास किया। लगातार पीछे से बड़ी संख्या में पहुंच रहे वाहनों के कारण पुलिस और एक्सप्रेस-वे की सुरक्षा में तैनात सुरक्षाकर्मियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। एक्सप्रेस-वे से गुजर रहे विनय तिवारी ने बताया कि दो दिन की छुट्टी होने के चलते वह मथुरा वृंदावन घूमने के लिए सुबह जल्दी घर से निकले थे, लेकिन सभी वाहन चालकों को टोल पार करने में घंटों का समय बर्बाद हो गया।

जेवर टोल प्लाजा के प्रबंधक जेके शर्मा ने बताया कि टोल प्लाजा पर कुल आठ लेन वाहनों के लिए चालू रही। दो लेन पर फास्टैग की सुविधा उपलब्ध रही। वाहनों की संख्या अधिक हो गई। इस वजह से व्यवस्था बिगड़ी और लोगों को असुविधा हुई।

chat bot
आपका साथी