Noida News: हेलीकॉप्टर से ससुराल जाने का देखा था सपना, तकती रही आसमान, नहीं आया हेलीकॉप्टर, जानिए क्या रहा कारण

शादी हर एक के जीवन में हसीन लम्हा होता है दुल्हन की विदाई के लिए यदि हेलीकॉप्टर (उड़न खटोला) का इंतजाम हो तो शादी की यादें सुनहरे अक्षरों में लिखी जाती है। प्रभु हैली सर्विस की जालसाजी से एक परिवार का यह हसीन लम्हा गुस्से और गम में बदल गया।

By Vinay Kumar TiwariEdited By: Publish:Mon, 01 Mar 2021 06:54 PM (IST) Updated:Tue, 02 Mar 2021 12:29 PM (IST)
Noida News: हेलीकॉप्टर से ससुराल जाने का देखा था सपना, तकती रही आसमान, नहीं आया हेलीकॉप्टर, जानिए क्या रहा कारण
दुल्हन के ससुर ने प्रभु हैली सर्विस के अजय माहला व दीपक के खिलाफ दर्ज कराया मुकदमा।

प्रवीण विक्रम सिंह, ग्रेटर नोएडा। शादी हर एक के जीवन में हसीन लम्हा होता है, ऐसे में दुल्हन की विदाई के लिए यदि हेलीकाप्टर (उड़न खटोला) का इंतजाम हो तो शादी की यादें सुनहरे अक्षरों में लिखी जाती है। ग्रेटर नोएडा में शादी को यादगार बनाने के लिए लड़के पक्ष की ओर से एक हेलीकॉप्टर बुक कराया गया था मगर ऐन मौके पर हेलीकॉप्टर नहीं पहुंचा।

 इस बारे में हेली सर्विस कंपनी के अधिकारियों से बात करने की कोशिश की गई लेकिन उनसे बात नहीं हो पायी। उधर, प्राधिकरण के अधिकारियों का कहना है कि कंपनी को ये हेलीपैड बिना अनुमति के बनाया गया है। इसलिए हेलीकॉप्टर को उड़ने की अनुमति नहीं सकी। 

दुल्हन अपनी विदाई के लिए आसमान में हेलीकॉप्टर की राह तकती रही और आखिर तक वो नहीं आया, आखिर में उसे गाड़ी से विदा होना पड़ा। उसकी इच्छा अधूरी ही रह गई। प्रभु हैली सर्विस की जालसाजी से एक परिवार का यह हसीन लम्हा गुस्से और गम में बदल गया। दोनों परिवार के लोगों में अब इस बात को लेकर गुस्सा है कि कंपनी की ओर से इस बारे में पहले कुछ बताया भी नहीं गया। वो लोग इंतजार करते रहे। अब वो अपना पैसा वापस लेने के लिए थाने और हेलीकॉप्टर सर्विस आफिस के चक्कर लगा रहे हैं। 

तीन लाख 65 हजार रुपये की रकम देकर लड़के पक्ष ने दुल्हन की विदाई के लिए हेलीकॉप्टर बुक कराया था, लेकिन न तो विदाई के लिए हेलीकॉप्टर आया और न ही जमा रकम वापस की गई। उड़न खटोले के इंतजार में दुल्हन की निगाहें आसमान देखती रहीं। 

नोएडा सेक्टर 82 के रहने वाले कोमल सिंह यादव ने अपने बेटे दीपक की शादी 11 दिसंबर 2020 को की थी। शादी के बाद दुल्हन की विदाई के लिए ईकोटेक तीन कोतवाली क्षेत्र स्थित खैरपुर गुर्जर गांव के प्रभु हैली सर्विस से हेलीकॉप्टर बुक कराया था। रकम जमा करने के बाद भी जब कोमल यादव की नई नवेली बहू की विदाई के लिए हेलीकॉप्टर नहीं आया तो उन्होंने हैली सर्विस के अजय माहला व दीपक से बात की।

आरोप है कि आरोपितों ने रकम देने से इंकार कर दिया। दो महीने तक पीड़ित उनके चक्कर काटता रहा। अब आरोपितों ने रुपये मांगने पर पीड़ित को जान से मारने की धमकी दी। परेशान होकर कोमल की तरफ से मामले की शिकायत पुलिस से की गई। पुलिस ने अजय व दीपक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

भुवनेश्वर शर्मा, ईकोटेक तीन कोतवाली प्रभारी का कहना है कि जब हेलीकाप्टर बुक कराया गया तो जो रकम कोमल द्वारा जमा कराई गई थी वह बुकिंग राशि के साथ किराया राशि भी थी। रकम नहीं वापस करने व धमकी देने के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है।

chat bot
आपका साथी