Noida Aqualine Metro News: अनलॉक के बाद मेट्रो की बढ़ी गति, यात्रियों ने भी पकड़ी रफ्तार

लॉकडाउन के बाद सोमवार को यात्रियों की संख्या अब तक सबसे अधिक रही। अनलॉक में मेट्रो शुरू होने के बाद पांच जनवरी को यात्रियों की संख्या दस हजार को पार करते हुए 10418 पहुंच गई थी। जो अब तक अनलॉक में सबसे अधिक रही।

By Vinay Kumar TiwariEdited By: Publish:Mon, 08 Feb 2021 07:54 PM (IST) Updated:Mon, 08 Feb 2021 07:54 PM (IST)
Noida Aqualine Metro News: अनलॉक के बाद मेट्रो की बढ़ी गति, यात्रियों ने भी पकड़ी रफ्तार
अनलॉक में संचालन के बाद टूटा यात्रियों की संख्या का रिकार्ड।

जागरण संवाददाता, नोएडा। मुंबई लोकल की तर्ज पर प्रयोग के तौर पर सोमवार से शुरू की गई फास्ट एक्वा लाइन मेट्रो की गति बढ़ने के साथ यात्रियों ने भी पूरा जोश दिखाया है। लॉकडाउन के बाद सोमवार को यात्रियों की संख्या अब तक सबसे अधिक रही। अनलॉक में मेट्रो शुरू होने के बाद पांच जनवरी को यात्रियों की संख्या दस हजार को पार करते हुए 10,418 पहुंच गई थी। जो अब तक अनलॉक में सबसे अधिक रही। 

सोमवार को जब फास्ट मेट्रो का संचालन शुरू हुआ तो यात्रियों की संख्या शाम छह बजे ही इस आंकड़े के पार पहुंच गई। शाम 6 बजे तक एक्वा लाइन मेट्रो में 10,770 लोगों ने यात्रा की। सोमवार से शुरू की गई फास्ट मेट्रो का संचालन सुबह और शाम को व्यस्त समय में तीन-तीन घंटे किया गया। सुबह आठ बजे से 11 बजे तक और शाम को पांच बजे से आठ बजे तक एक्वा लाइन रूट पर मेट्रो के 21 स्टेशनों में से 10 स्टेशनों पर मेट्रो नहीं रुकी। सिर्फ 11 स्टेशनों पर मेट्रो रुकने के बावजूद यात्रियों की संख्या में इजाफा इस बात को इंगित कर रहा है कि लोग फास्ट मेट्रो को पसंद कर रहे हैं।

व्यस्त समय में इन स्टेशनों पर नहीं रुक रही एक्वा लाइन

सेक्टर-50, 101, 81, 83, 143, 144, 145, 146, 147 व 148 मेट्रो स्टेशन

यात्रियों को हुई नौ मिनट की बचत

सेक्टर-51 से नोएडा डिपो मेट्रो स्टेशन तक सफर करने में मेट्रो से 45 मिनट 43 सेकेंड का समय लगता है। फास्ट ट्रेन के जरिये इस सफर को 36 मिनट 40 सेकेंड में पूरा किया गया। इसी तरह सेक्टर-51 से परी चौक तक का सफर तय करने में 37 मिनट का समय लगता था। इस दूरी को फास्ट मेट्रो ने 28 मिनट 30 सेकेंड में तय किया। यात्रियों को फास्ट मेट्रो की जानकारी देने के लिए स्टेशन व मेट्रो के अंदर एनाउंसमेंट लगातार जारी रहा। फास्ट मेट्रो का संचालन साढ़े सात मिनट पर किया गया। बाकी समय दस मिनट के अंतराल पर मेट्रो का संचालन किया गया।

सोमवार से शुक्रवार तक व्यस्त समय में ही चलेगी फास्ट मेट्रो

सोमवार से शुक्रवार तक व्यस्त समय में मेट्रो सुबह आठ बजे से 11 बजे और शाम को पांच बजे से आठ बजे तक फास्ट चलेगी। इसके अलावा सोमवार से शुक्रवार तक बाकी समय और शनिवार व रविवार को पूरे समय मेट्रो का संचालन सामान्य तरीके से होगा। शनिवार व रविवार को 15 मिनट के अंतराल पर मेट्रो की सुविधा यात्रियों को मिलेगी।

सारे समय चले फास्ट मेट्रो

फास्ट मेट्रो के संचालन से समय बच रहा है। जगह-जगह न रुकने के कारण सफर भी अच्छा लग रहा है। मेट्रो का संचालन पूरे दिन फास्ट प्रारूप में होना चाहिए।

अमन कुमार, छात्र

फास्ट मेट्रो में सफर करके अच्छा लगा है। कुछ स्टेशन ऐसे हैं, जहां एक भी यात्री नहीं होता है। ऐसी जगह रुकने से यात्रा करने वाले अन्य लोगों काे अधिक समय लगता है।

मनीष साहनी, छात्र

यह बेहतर पहल है। इसे सप्ताह में सभी दिन और पूरे समय संचालित किया जाना चाहिए। जिन स्टेशनों से एक-दो लोग सफर करते हैं, उन्हें बंद ही कर देना चाहिए।

यश अस्थाना, छात्र

रोज दिल्ली से ग्रेटर नोएडा जाना पड़ता है। व्यस्त समय में फास्ट मेट्रो का संचालन बेहतरीन प्रयास है। इससे लोगों का काफी समय बचेगा और असुविधा कम होगी।

जेनिफर, क्रिकेट खिलाड़ी  

chat bot
आपका साथी