Good News For Noida: फरवरी 2022 तक 84 चौराहों पर लगा दिए जाएंगे मल्टीडाइमेंशनल कैमरे

आइटीएमएस योजना के तहत सीसीटीवी लगाने का काम चल रहा है। पहले फेज में 20 जंक्शन पर सीसीटीवी कैमरे लगाने का काम युद्ध स्तर पर किया जा रहा है। तीन चरणों में फरवरी 2022 तक शहर के सभी 84 चौराहों पर 1065 कैमरे लगाने का काम पूरा कर लिया जाएगा।

By Vinay Kumar TiwariEdited By: Publish:Fri, 23 Jul 2021 01:32 PM (IST) Updated:Fri, 23 Jul 2021 01:32 PM (IST)
Good News For Noida: फरवरी 2022 तक 84 चौराहों पर लगा दिए जाएंगे मल्टीडाइमेंशनल कैमरे
फरवरी 2022 तक 84 चौराहों पर लगा दिए जाएंगे मल्टीडाइमेंशनल कैमरे

नोएडा, जागरण संवाददाता। आइटीएमएस योजना के तहत शहर में सीसीटीवी लगाने का काम चल रहा है। पहले फेज में 20 जंक्शन पर सीसीटीवी कैमरे लगाने का काम युद्ध स्तर पर किया जा रहा है। तीन चरणों में फरवरी 2022 तक शहर के सभी 84 चौराहों पर 1065 कैमरे लगाने का काम पूरा कर लिया जाएगा। कैमरे लगने से कानून एवं व्यवस्था मजबूत होगी और यातायात व्यवस्था को बेहतर करने में मदद मिलेगी।

इस सिस्टम के तहत कैमरे लगाने के लिए नोएडा प्राधिकरण ने कंपनी का चयन पांच माह पहले कर लिया था। नोएडा प्राधिकरण के ट्रैफिक सेल के प्रभारी ने बताया कि कैमरे लगवाने के लिए एफकॉन इंडिया लिमिटेड कंपनी का चयन किया गया है। यह कंपनी विभिन्न शहरों में स्मार्ट सिटी परियोजना के अंतर्गत आइटीएमएस का काम कर रही है। चौराहों पर 1,065 मल्टीडाइमेंशनल सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। परियोजना का काम फरवरी 2022 पूरा कर लिया जाएगा। इस योजना पर 64 करोड़ 49 लाख रुपये खर्च होंगे।

पहले चरण में 20 चौराहे पर कैमरे लगाने का काम अंतिम चरण में है। इसके लिए कमांड कंट्रोल सेंटर में नया इंटिग्रेटड कमांड कंट्रोल सेंटर तैयार किया जाएगा। 21 दिसंबर तक दूसरे चरण के तहत 32 चौराहे पर आइटीएमएस सिस्टम लगा दिया जाएगा। तीसरे चरण में बाकी बचे 32 चौराहे पर फरवरी 2022 तक कैमरे लगा दिए जाएंगे। पांच वर्ष तक इस सिस्टम का रखरखाव कंपनी को ही करना होगा। आइटीएमएस सिस्टम का संचालन सेक्टर-94 कमांड कंट्रोल सेंटर से होगा।

हाईवे ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम को आइटीएमएस से जाएगा जोड़ा

नोएडा ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे पर चल रहे हाईवे ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम को आइटीएमएस सिस्टम से अटैच कर दिया जाएगा। इसके अलावा पुलिस की प्रस्तावित सेफ सिटी योजना को इसमें शामिल कर लिया जाएगा। आइटीएमएस सिस्टम से सड़क हादसे, जाम ओर अवैध पार्किग की जानकारी तुरंत पुलिसकर्मियों को मिल जाएगी। इससे यातायात व्यवस्था को सुधारा जा सकेगा। ट्रैफिक लाइट का नियंत्रण यातायात घनत्व के अनुसार स्वत: ही हो जाएगा। इसके लिए 40 एडॉप्टिव ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम लगाए जाएंगे।

20 चौराहों पर कैमरे लगाने का अंतिम चरण में

इन कैमरों के जरिये वाहनों की रफ्तार निर्धारित गति से तेज होने पर स्वयं चालान कट जाएगा। इसके लिए 18 स्पीड डिटेक्शन सिस्टम लगाए जाएंगे। इससे तेज रफ्तार से चलने वाले वाहन चालकों पर लगाम लगेगी। चौराहों पर 345 सर्विलांस कैमरे भी लगाए जाएंगे। इन कैमरों के जरिये व्यक्तियों की पहचान पुलिस कर सकेगी।

chat bot
आपका साथी