Fastag: नोएडा से आगरा जाने वाले यमुना एक्सप्रेसवे पर फास्टैग सुविधा शुरू, पैसा व समय की होगी बचत

यमुना एक्सप्रेसवे पर मंगलवार को फास्टैग की सुविधा शुरू हो गई है। इसके शुरू होने से हजारों वाहन चालकों को राहत मिलने की उम्मीद है। फास्टैग की सुविधा शुरू होने से टोल पर लगने वाले जाम से छुटकार मिल सकेगा।

By Mangal YadavEdited By: Publish:Tue, 22 Jun 2021 06:13 PM (IST) Updated:Tue, 22 Jun 2021 09:36 PM (IST)
Fastag: नोएडा से आगरा जाने वाले यमुना एक्सप्रेसवे पर फास्टैग सुविधा शुरू, पैसा व समय की होगी बचत
ग्रेटर नोएडा : यमुना एक्सप्रेसवे पर फास्टैग सुविधा शुरू

ग्रेटर नोएडा [अरविंद मिश्रा]। यमुना एक्सप्रेस वे पर फास्टैग की सुविधा मंगलवार से शुरू हो गई है। एक्सप्रेस वे होकर मथुरा, आगरा की ओर जाने वाले वाहन चालकों को इससे बड़ी राहत मिली है। चंद सेकेंड में टोल बूथ से गुजर सकेंगे। यात्रा समय व ईंधन की बचत होगी। सप्ताहांत में टोल प्लाजा पर जाम की समस्या का समाधान होगा। यमुना एक्सप्रेस वे पर नगद टोल भुगतान के कारण लगने वाले जाम की समस्या को गंभीरता से लेते हुए दैनिक जागरण ने अभियान चलाया था। इसका असर हुआ और यमुना प्राधिकरण के निर्देश पर यमुना एक्सप्रेस वे की दोनों ओर की दो-दो लेन मंगलवार से फास्टैग की सुविधा से लैस हो गईं। पिछले कुछ दिनोें से एक्सप्रेस वे पर फास्टैग का ट्रायल चल रहा था।

यमुना प्राधिकरण सीईओ डा. अरुणवीर सिंह ने जेवर टोल प्लाजा पर मंगलवार को फीता काटकर यात्रियों के लिए फास्टैग सुविधा का शुभारंभ किया। इसके बाद फास्टैग से टोल भुगतान कर गाड़ियां टोल बूथ से गुजरीं।

तीनों टोल पर मिलेगी फास्टैग की सुविधा

जेवर, मथुरा व आगरा तीनों टोल प्लाजा पर फास्टैग की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। नगद टोल टैक्स भुगतान में बूथ से गुजरने में चार से पांच मिनट लगते थे। वहीं सप्ताहांत में वाहनों की संख्या काफी अधिक होने के कारण बूथ से गुजरने में दस मिनट तक का समय लग जाता था। अब चंद सेकेंड में बूथ से होकर गुजरा जा सकेगा। इससे ईंधन की बचत के साथ 165 किमी लंबे एक्सप्रेस पर लगने वाले यात्रा समय में बचत भी होगी।

रैंप प्लाजा पर नहीं मिलेगी फास्टैग से भुगतान की सुविधा

यमुना एक्सप्रेस वे पर तीन मुख्य टोल प्लाजा जेवर, मथुरा व आगरा में हैं। इन पर फास्टैग की सुविधा दी गई है। दनकौर, मथुरा आदि क्षेत्र में बने रैंप प्लाजा से उतरने पर टोल टैक्स का नगद में भुगतान करना होगा। प्रत्येक टोल प्लाजा पर फास्टैग से टैक्स कटेगा।

24 घंटे में वापसी पर बरकरार रहेगी छूट की सुविधा

यमुना एक्सप्रेस वे पर 24 घंटे में वापसी करने पर टोल टैक्स में बीस फीसद की रियायत मिलती है। यह सुविधा फास्टैग में भी लागू रहेगी। सिस्टम में दर्ज गाड़ी के ब्योरे के आधार पर फास्टैग से टोल टैक्स वसूलते समय यह राशि कम हो जाएगी।

नगद भुगतान की सुविधा रहेगी जारी

यमुना एक्सप्रेस वे पर नगद टोल टैक्स भुगतान की सुविधा भी जारी रहेगी। फास्टैग लेन के अलावा अन्य में बूथ पर नगद टोल टैक्स का भुगतान किया जा सकेगा। फास्टैग लेन में नगद भुगतान करने वाली गाड़ियों को जाने से रोकने के लिए सुरक्षा गार्ड लगाए गए हैं। फास्टैग लेन में नगद भुगतान पर भी सामान्य टोल टैक्स ही वसूल किया जाएगा।

सीईओ डा. अरुणवीर सिंह ने बताया कि एक्सप्रेस वे पर फास्टैग की सुविधा शुरू हो गई है। वाहन चालक टोल टैक्स भुगतान के लिए अपनी सुविधा अनुसार विकल्प चुन सकते हैं। टोल प्लाजा के दोनों ओर दो-दो लेन फास्टैग की गई हैं। यात्रियों की सुरक्षा के लिए अन्य कदम भी उठाए जा रहे हैं।

chat bot
आपका साथी