नोएडा-ग्रेटर नोएडा के अस्पतालों में ऑक्सीजन संकट, भाजपा विधायक ने 2 केंद्रीय मंत्रियों से लगाई गुहार

जिले के अस्पतालों में ऑक्सीजन संकट पर नोएडा के विधायक पंकज सिंह ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन और रेल मंत्री पीयूष गोयल से बात की है। केंद्रीय मंत्रियों ने विधायक को ऑक्सीजन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए व्यापक इंतजाम किए जाने की बात कही है।

By Jp YadavEdited By: Publish:Fri, 23 Apr 2021 08:06 AM (IST) Updated:Fri, 23 Apr 2021 08:08 AM (IST)
नोएडा-ग्रेटर नोएडा के अस्पतालों में ऑक्सीजन संकट, भाजपा विधायक ने 2 केंद्रीय मंत्रियों से लगाई गुहार
नोएडा के विधायक पंकज सिंह की फाइल फोटो।

नोएडा, जागरण संवाददाता। दिल्ली से सटे नोएडा और ग्रेटर नोएडा शहर में ऑक्सीजन की कमी पर नोएडा के विधायक पंकज सिंह ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन और रेल मंत्री पीयूष गोयल से बात की है। केंद्रीय मंत्रियों ने विधायक को ऑक्सीजन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए व्यापक इंतजाम किए जाने की बात कही है। नोएडा  के विधायक पंकज सिंह ने कहा कि शहर में आक्सीजन की कमी नहीं आने दी जाएगी। शहर के लोगों से धैर्य रखने की अपील की है। राज्य और केंद्र सरकार लोगों को हरसंभव स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध करवाने के लिए प्रयासरत हैं।

विधायक पंकज सिंह ने ने जानकारी दी है कि झारखंड के बोकारो से ऑक्सीजन मंगवाने के लिए ट्रेन रवाना हो चुकी है। उम्मीद है कि अगले 36 से 48 घंटों में उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में पर्याप्त ऑक्सीजन उपलब्ध हो जाएगी। पंकज सिंह ने ट्वीट करके यह जानकारी दी। मालूम हो कि नोएडा और ग्रेटर नोएडा के कोविड अस्पतालों में ऑक्सीजन की उपलब्धता घटती जा रही है। ऑक्सीजन की कमी के चलते शहर के अस्पतालों ने मरीजों को डिस्चार्ज करना शुरू कर दिया है। किल्लत के कारण विधायक ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री और रेल मंत्री से बात की है।

दरअसल, ग्रेटर नोएडा के प्रकाश अस्पताल में बृहस्पतिवार दोपहर करीब 12:30 बजे कोविड मरीजों के इलाज के लिए तीन घंटे की ही ऑक्सीजन बची थी। फरीदाबाद स्थित एक कंपनी से अस्पताल में सप्लाई होने वाली ऑक्सीजन को रोक दिया गया। सूचना के अस्पताल प्रशासन व तिमारदारों में हड़कंप मच गया। अस्पताल ने जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग से मदद की गुहार लगाई। शाम करीब चार बजे प्रशासन ने सिलेंडर की व्यवस्था कराई। देर शाम तक अस्पताल को 40 सिलेंडर मिल। हालांकि ये आक्सीजन शुक्रवार दोपहर तक ही चल सकेगी। इसके बाद आक्सीजन की व्यवस्था कैसी होगी इसकी स्थिति स्पष्ट नहीं है। अस्पताल में करीब 20 मरीज ऑक्सीजन बेड पर हैं। बृहस्पतिवार दोपहर 12:30 जानकारी सार्वजनिक की जिसमें बताया गया कि अस्पताल में सिर्फ तीन घंटे की आक्सीजन बची है। तीमारदारों को भी इसकी जानकारी दी गई। जानकारी मिलते लोग अस्पताल पहुंचने लगे।

उधर शहर के विभिन्न व्हाट्सएप ग्रुप पर भी ये सूचना वायरल हो गई। अस्पताल ने नोडल अधिकारी, जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग से संपर्क किया। करीब तीन घंटे बाद अस्पताल आक्सीजन मिल सकी। अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, फरीदाबाद स्थित कंपनी ने उनसे कहा कि हरियाणा सरकार ने हरियाणा उसके बाद दिल्ली को प्राथमिकता देने के आदेश दिए हैं। इसके बाद उत्तर प्रदेश को आक्सीजन सप्लाई की जाए। अस्पताल के चेयरमैन डॉ. वीएस चौहान ने बताया कि जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग से फौरी राहत मिली है। कुछ मरीज अस्पताल से अन्य अस्पतालों में चले गए हैं, जो मरीज बचे हैं उनके लिए ऑक्सीजन की व्यवस्था सुचारु रखने की व्यवस्था की जा रही है।

लोगों ने सांसद-विधायक को ट्वीट कर मांगी मदद

ऑक्सीजन की कमी सूचना के बाद से लोगों में हड़कंप मच गया। मरीजों के स्वजन के अलावा परिचितों ने भी इंटरनेट मीडिया के जरिए मद की गुहार लगानी शुरू कर दी है। लोगों ने सांसद, नोएडा विधायक व जिलाधिकारी को ट्वीट करना शुरू कर दिया। इन ट्वीट को कई लोगों ने रिट्वीट किया। 

chat bot
आपका साथी