नोएडा में भानु गुट के बाद अब भाकियू (लोकशक्ति) ने भी खत्म किया धरना, दिल्ली हिंसा से नाराज

भाकियू (लोकशक्ति) के अध्यक्ष मास्टर श्यौराज सिंह ने कहा कि दिल्ली में गणतंत्र दिवस पर परेड ट्रैक्टर के नाम पर लाल किले पर हुई घटना से सभी किसान संगठन आहत है। इसलिए धरना खत्म करने का फैसला किया है।

By Mangal YadavEdited By: Publish:Thu, 28 Jan 2021 01:42 PM (IST) Updated:Thu, 28 Jan 2021 01:42 PM (IST)
नोएडा में भानु गुट के बाद अब भाकियू (लोकशक्ति) ने भी खत्म किया धरना, दिल्ली हिंसा से नाराज
भारतीय किसान यूनियन (लोकशक्ति) ने भी बृहस्पतिवार को अपना धरना समाप्त कर दिया है।

नोएडा [मोहम्मद बिलाल]। चिल्ला बार्डर से भारतीय किसान यूनियन (भानु) गुट की तरफ से धरना समाप्त करने के बाद भारतीय किसान यूनियन (लोकशक्ति) ने भी बृहस्पतिवार को अपना धरना समाप्त कर दिया है। भाकियू (लोकशक्ति) के कार्यकर्ता पिछले 57 दिन से नए कृषि कानूनों के विरोध में सेक्टर-95 स्थित राष्ट्रीय दलित प्रेरणा स्थल पर धरने पर बैठे थे।

धरना स्थल पर आयोजित प्रेसवार्ता में भाकियू (लोकशक्ति) के अध्यक्ष मास्टर श्यौराज सिंह ने कहा कि दिल्ली में गणतंत्र दिवस पर परेड ट्रैक्टर के नाम पर लाल किले पर हुई घटना से सभी किसान संगठन आहत है। देर रात पुलिस प्रशासन के अधिकारियों ने धरना समाप्त करने की अपील की थी। इसलिए आज से धरना समाप्त करने का निर्णय किया है, लेकिन किसानों के हित में आगे भी लड़ाई जारी रही। नए कृषि कानूनों पर केंद्र सरकार से वार्ता का दौर जारी रहेगा।

प्रवक्ता राजीव मलिक ने कहा कि लाल किले पर गणतंत्र दिवस पर उपद्रवियों ने जो उत्पात मचाया, उसे पूरे विश्व ने देखा। सभी किसान संगठन इससे आहत है। दिल्ली में कई स्थानों पर जिन लोगों ने उपद्रव किया है, वह किसान नहीं हो सकते। इसलिए इस मामले की जांच होनी चाहिए। जिससे दोषियों पर कार्रवाई हो सके। धरना स्थल पर कोर कमेटी की बैठक बाद सभी प्रतिनिधि ने धरना समाप्त करने पर सहमति जताई है।

गौरतलब है भाकियू (लोकशक्ति) के सैकड़ों कार्यकर्ता 2 दिसंबर से दलित प्रेरणा स्थल पर धरने पर बैठे थे। इस दौरान किसानों ने कई बार डीएनडी व कालिंदी कुंज के रास्ते दिल्ली कूच का प्रयास भी किया, लेकिन मौके पर तैनात पुलिस बल ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक लिया था। इसपर कई बार पुलिस की किसानों के साथ नोकझोंक भी हुई। किसानों ने धरना स्थल पर अलग-अलग तरीकों से विरोध भी जताया। गणतंत्र दिवस के अवसर पर ट्रैक्टर परेड भी निकाली थी। संगठन ने इस दौरान नोएडा पुलिस का पूरा सहयोग किया। पुलिस द्वारा बताए गए रूट पर ही 50 से अधिक ट्रैक्टरों व चार पहिया वाहनों के साथ ट्रैक्टर परेड निकाली थी।

Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो

chat bot
आपका साथी