घरेलू सहायिका के कब्जे से मुक्त कराया मकान

न्यूयार्क में रहने वाले परिवार के मकान पर घरेलू सहायिका ने कब्जा कर लिया। नोएडा पुलिस को मिली शिकायत के बाद मकान को खाली कराया गया। परिवार ने नोएडा पुलिस का ट्विटर पर आभार भी जताया है।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 24 Feb 2021 10:33 PM (IST) Updated:Wed, 24 Feb 2021 10:33 PM (IST)
घरेलू सहायिका के कब्जे से मुक्त कराया मकान
घरेलू सहायिका के कब्जे से मुक्त कराया मकान

जागरण संवाददाता, नोएडा : कभी-कभी दूसरों की खराब हालत देखकर मदद करना मददगार पर ही भारी पड़ जाता है। कुछ ऐसा ही मामला यहां सामने आया। न्यूयार्क में रहने वाले परिवार के मकान पर घरेलू सहायिका ने कब्जा कर लिया। नोएडा पुलिस को मिली शिकायत के बाद मकान को खाली कराया गया। परिवार ने नोएडा पुलिस का ट्विटर पर आभार भी जताया है।

पुलिस के मुताबिक, सेक्टर-12 में रहने वाले सरबजीत सिंह मिन्हास व उनकी पत्नी कुलवंत कौर मिन्हास पिछले कई वर्षों से न्यूयार्क सिटी में रहते हैं। कुलवंत कौर वहां असहाय बच्चों को पढ़ाती हैं। कुलवंत कौर मिन्हास ने बताया कि वर्ष 2016 में रुखसार नामक महिला को घरेलू सहायिका रखा था। कुलवंत ने रुखसार व उसके बच्चों को रहने के लिए घर का एक हिस्सा दे दिया था। वर्ष 2017 में जब कुलवंत वापस न्यूयार्क जाने लगे, तो रुखसार ने इसी घर के एक हिस्से में रहने के लिए कहा। कुलवंत न्यूयार्क से रुखसार के बच्चों की पढ़ाई के लिए अपने पति को बिना बताए पैसे भी भेजती थी। इधर, रुखसार ने धीरे-धीरे कुलवंत के घर में कब्जा जमा लिया और उनके एक कमरे का ताला तोड़कर अपना सामान रख दिया। वह मकान में अवैध गतिविधियां भी करने लगी।

कुलवंत के पति पिछले वर्ष नोएडा आए, तो उन्होंने देखा कि यहां उनके घर के कई हिस्सों पर घरेलू सहायिका का कब्जा हो गया है। 11 फरवरी को पत्नी कुलवंत कौर न्यूयार्क से नोएडा पहुंची और रुखसार से घर खाली करने के लिए बोला, तो उसने और उसके बेटे, बेटियों व अन्य लोगों ने मिलकर कुलवंत व उनके पति सरबजीत से जमकर मारपीट की और मोबाइल तोड़ दिया। अंत में थक हारकर उन्होंने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने एनसीआर तो दर्ज कर ली, लेकिन सरबजीत व कुलवंत अपने घर में बंधक की तरह रहने लगे। इस दौरान रुखसार घर खाली करने के एवज में पांच लाख रुपये मांगने लगी। इसके बाद पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह से मुलाकात कर पीड़ित ने पूरे मामले से अवगत कराया।

एडिशनल डीसीपी रणविजय सिंह के पास मामला पहुंचने पर उन्होंने मंगलवार को पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर बुजुर्ग दंपति के मकान से घरेलू सहायिका का कब्जा हटाया। कुलवंत कौर का कहना है कि पुलिस आयुक्त आलोक सिंह और एडीसीपी रणविजय सिंह हमारे लिए भगवान बनकर आए, वरना हमारे साथ कोई अप्रिय घटना हो सकती थी। पुलिस की मदद से हम और हमारा घर अब कब्जामुक्त हो गया है। इससे नोएडा पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ा है। बुधवार दोपहर को बुजुर्ग दंपति सेक्टर-14ए पहुंचकर एडीसीपी रणविजय सिंह से मिलकर नोएडा पुलिस को धन्यवाद दिया। हमारा प्रयास है कि जिले में रहने वाले हर व्यक्ति की समस्या का समाधान प्रमुखता से किया जाए। एनआरआई की समस्या का समाधान होने के बाद उसने पुलिस का धन्यवाद किया है।

रणविजय सिंह, एडिशनल डीसीपी नोएडा

chat bot
आपका साथी