हरियाली और फूल-पौधे निखारेंगे यीडा शहर का सौंदर्य

ग्रेटर नोएडा यमुना प्राधिकरण क्षेत्र के सौंदर्य में चार चांद लगाने के लिए प्राधिकरण पार्क विकसित करेगा।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 27 Nov 2020 08:34 PM (IST) Updated:Fri, 27 Nov 2020 08:34 PM (IST)
हरियाली और फूल-पौधे निखारेंगे यीडा शहर का सौंदर्य
हरियाली और फूल-पौधे निखारेंगे यीडा शहर का सौंदर्य

जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा : यमुना प्राधिकरण क्षेत्र के सौंदर्य में चार चांद लगाने के लिए प्राधिकरण पार्क विकसित करेगा। यीडा सिटी का प्रवेश द्वार थीम के आधार पर विकसित होगा, जबकि मुख्य आकर्षण नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट होने के चलते यहां हवाई जहाज का ढांचा तैयार कर उसे फूल वाले पौधों से सजाया जाएगा। इसके अलावा फिल्म सिटी और सेक्टर 20 में भी पार्क विकसित होंगे।

यमुना प्राधिकरण यीडा सिटी में तेजी से ढांचागत विकास कर रहा है। प्राधिकरण को उम्मीद है कि आवंटी शहर में बसने के लिए भूखंडों पर निर्माण कार्य जल्द शुरू करेंगे। उनकी सुविधा एवं शहर को सुंदर बनाने के लिए प्राधिकरण पार्क विकसित करने जा रहा है, ताकि शहर में आने वालों को यहां भरपूर प्राकृतिक सौंदर्य मिले। प्रवेश द्वार से लेकर सेक्टरों तक हरियाली ही हरियाली दिखेगी। शहर के प्रवेश द्वार पर 60 मीटर सड़क के आस-पास थीम आधारित व वर्टिकल पार्क विकसित होगा। इससे यमुना एक्सप्रेस-वे से होकर गुजरने वालों को भी हरियाली और फूलों को देखकर सुखद अनुभव होगा।

सेक्टर 20 में करीब 20 एकड़ में सिटी पार्क के अलावा फिल्म सिटी के नजदीक भी पार्क विकसित होगा। इसमें भारत के अहम स्थलों को दर्शाने के लिए ढांचे तैयार होंगे। फिल्मों की शूटिग के लिए इसे बेहतर लोकेशन के तौर पर विकसित किया जाएगा। सलारपुर रोटरी गोलचक्कर के सुंदरीकरण की भी योजना है। प्राधिकरण इसके बजट आदि का आंकलन कर रहा है। दो माह में पार्कों को विकसित करने का कार्य शुरू होगा। वर्जन..

यीडा शहर को सुंदर व हरा-भरा बनाने के लिए पार्क विकसित होंगे। शहर के प्रवेश द्वार को थीम के आधार पर फूल-पौधों से सजाया जाएगा। पार्कों को विकसित करने का कार्य जल्द शुरू होगा।

-डॉ.अरुणवीर सिंह, सीईओ, यमुना प्राधिकरण

chat bot
आपका साथी