मुठभेड़ के बाद लूट करने वाले गिरोह के चार बदमाश गिरफ्तार

जागरण संवाददाता नोएडा शहर की बंद पड़ी फैक्ट्रियों को निशाना बनाकर लूट और डकैत

By JagranEdited By: Publish:Tue, 30 Nov 2021 06:55 PM (IST) Updated:Tue, 30 Nov 2021 06:55 PM (IST)
मुठभेड़ के बाद लूट करने वाले गिरोह के चार बदमाश गिरफ्तार
मुठभेड़ के बाद लूट करने वाले गिरोह के चार बदमाश गिरफ्तार

जागरण संवाददाता, नोएडा :

शहर की बंद पड़ी फैक्ट्रियों को निशाना बनाकर लूट और डकैती करने वाले गिरोह के बदमाशों और फेस तीन कोतवाली पुलिस के बीच सोमवार देर रात मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि तीन अन्य को घेराबंदी करके दबोचा गया। घायल बदमाश को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। आरोपितों की पहचान दिल्ली निवासी नीरज, समीर, मनोज और सागर के रूप में हुई है। बदमाशों के पास से घटना में प्रयोग की जाने वाली कार, एक तमंचा, तीन चाकू और कारतूस बरामद किया गया है। गिरोह के सरगना नीरज के खिलाफ नोएडा के अलग-अलग कोतवाली में विभिन्न धाराओं में 13 मुकदमे दर्ज हैं।

एडीसीपी सेंट्रल नोएडा क्राइम इलामारन ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि लूट और डकैती करने वाले गिरोह के पांच बदमाश सोमवार रात फेस तीन कोतवाली में किसी घटना के अंजाम देने वाले हैं। इसी क्रम में कोतवाली प्रभारी विवेक त्रिवेदी के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस ने बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए योजना बनाई। सोमवार देर रात बदमाश एक कार में सवार होकर कोतवाली क्षेत्र में आ गए। गढ़ी गोल चक्कर से बहलोलपुर जाने वाली सर्विस रोड पर पुलिस ने बदमाशों को रुकने का इशारा किया। खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस की टीम पर फायर कर दिया। जवाब में पुलिस की एक गोली बदमाश नीरज को लग गई। तीन अन्य बदमाशों को घेराबंदी कर दबोचा गया। वहीं बदमाशों का एक साथी योगेश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। फरार आरोपित योगेश की तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं। योगेश के खिलाफ लूट, डकैती और चोरी के करीब तीन दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। इस दौरान हेड कांस्टेबल राजेश और कांस्टेबल सौरभ घायल हो गए। घायल पुलिसकर्मियों को प्राथमिक उपचार के बाद वापस छुट्टी दे दी गई। सुरक्षाकर्मी को घायल कर करते थे लूट : कोतवाली प्रभारी विवेक त्रिवेदी ने बताया कि गिरफ्त में आए सभी आरोपित शातिर किस्म के अपराधी हैं और लंबे समय से पुलिस के निशाने पर थे। गिरोह के बदमाश शहर की बंद पड़ी फैक्ट्रियों को निशाना बनाते थे। आरोपित फैक्ट्रियों के गेट का ताला तोड़कर अंदर रखे महंगे सामान लेकर फरार हो जाते थे। लूट के दौरान अगर आरोपितों को कंपनी के सुरक्षाकर्मी रोकने की कोशिश करते थे तो उन्हें आरोपित घायल कर देते थे। बदमाशों ने कोतवाली क्षेत्र स्थित एक फैक्ट्री में लूट की वारदात को अंजाम दिया था। जिसमें आरोपितों ने सुरक्षाकर्मी को लोहे की राड से मारकर घायल कर दिया था। आरोपितों ने कई अन्य बदमाशों के बारे में जानकारी दी है।

chat bot
आपका साथी