महिला सहित पांच ने रची थी फिरौती वसूलने की साजिश

जागरण संवाददाता नोएडा डीआरडीओ के वैज्ञानिक को बंधक बना फिरौती वसूलने की साजिश मे

By JagranEdited By: Publish:Mon, 28 Sep 2020 09:25 PM (IST) Updated:Mon, 28 Sep 2020 09:25 PM (IST)
महिला सहित पांच ने रची थी फिरौती वसूलने की साजिश
महिला सहित पांच ने रची थी फिरौती वसूलने की साजिश

जागरण संवाददाता, नोएडा :

डीआरडीओ के वैज्ञानिक को बंधक बना फिरौती वसूलने की साजिश में एक महिला पांच लोग शामिल थे। पुलिस ने अपहृत वैज्ञानिक को सकुशल बंधन से मुक्त कराते हुए एक महिला सहित तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो आरोपित अभी भी फरार है। महिला एक राजनैतिक पार्टी से जुड़ी हुई और टीवी रियलिटी शो बिग बॉस के पूर्व विजेता एक प्रतिभागी की भाभी बताई जा रही है। वह मुंबई में हुए आयोजन में भी शामिल हुई थी। इसके अलावा पुलिस ने वैज्ञानिक की होंडा सिटी कार भी बरामद कर ली है। उधर, इस मामले का पर्दाफाश करने वाली पुलिस टीम को अपर मुख्य सचिव गृह ने पांच लाख रुपये इनाम देने की घोषणा की है।

दरअसल, सेक्टर 77 निवासी वैज्ञानिक की पत्नी ने पुलिस को बताया था कि शनिवार शाम साढ़े पांच बजे उनके पति घर का सामान लेने होंडा सिटी कार से सिटी सेंटर के पास गए थे, पर वापस नहीं लौटे। रात 11 बजे के बाद पति के मोबाइल से फोन आया। उन्होंने बताया कि मुझे कुछ अज्ञात लोगों ने एक कमरे में बंद रखा है और पैसे मांग रहे हैं। इसके बाद एक अन्य नंबर से फोन आया, जिसमें एक पुरुष के साथ एक महिला की आवाज थी। उन्होंने उसके पति को छोड़ने के लिए 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी। साथ ही पुलिस को सूचना देने पर पति की हत्या करने की धमकी दी। पुलिस का कहना है कि पैसे का इंतजाम नहीं होने पर रविवार को वैज्ञानिक की पत्नी ने पुलिस से शिकायत की।

सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में तीन टीमें छानबीन में जुटीं। मोबाइल सर्विलांस से जब पुलिस टीम सेक्टर 41 स्थित होटल के पास पहुंची, तो बाहर संदिग्ध होंडा सिटी में तीन लोग दिखे। वे कहीं भागने के फिराक में थे। पुलिस टीम चालक सीट पर बैठे दीपक को पकड़ लिया, जबकि दो व्यक्ति भाग निकले। पकड़े गए आरोपित से पूछताछ के बाद सेक्टर 41 स्थित ओयो होटल के कमरे से महिला सहित दो अन्य आरोपित पकड़े गए। वहां से वैज्ञानिक को बंधन से मुक्त कराया गया। पूछताछ में पता लगा कि आरोपितों ने वैज्ञानिक को हनी ट्रैप में फंसाने के बाद अगवा कर होटल के कमरे में बंधक बनाया था। इंटरनेट पर मसाज पार्लर को लेकर किया था सर्च

अपहर्ताओं के चंगुल से मुक्त वैज्ञानिक ने पुलिस को बताया कि पिछले दिनों उन्होंने इंटरनेट पर मसाज पार्लर को लेकर सर्च किया था। वहां से मिले नंबर पर बात करने पर उन्हें सिटी सेंटर के पास बुलाया गया। वहां से आरोपित उनकी होंडा सिटी कार वहीं छोड़कर अपनी कार से उन्हें लेकर सेक्टर 41 स्थित होटल पहुंचे। वहां मारपीट कर बंधक बना लिया। बकौल एडिशनल डीसीपी रणविजय सिंह, पकड़े गए दो आरोपित दीपक और राकेश चचेरे भाई है। कुछ माह पहले इन्होंने सेक्टर 41 में किराये पर बिल्डिग लेकर ओयो का होटल शुरू किया था। छानबीन जारी है। गिरफ्तार आरोपित -

- दीपक, निवासी भिवाड़ी, हरियाणा, वर्तमान सेक्टर 41, नोएडा

- सुनीता गुर्जर, निवासी अगाहपुर, सेक्टर 41

- राकेश उर्फ रिकू फौजी, निवासी भिवाड़ी, हरियाणा फरार आरोपित -

- अनिल कुमार शर्मा, निवासी बरौला

- आदित्य कुमार, निवासी सेक्टर 27

chat bot
आपका साथी