शहर कूड़ा कूड़ा, अधिकारी बेफिक्र

दीपावली पर्व के चंद दिन शेष रह गए हैं। हर साल दीपावली से

By JagranEdited By: Publish:Mon, 25 Oct 2021 08:15 PM (IST) Updated:Mon, 25 Oct 2021 08:15 PM (IST)
शहर कूड़ा कूड़ा, अधिकारी बेफिक्र
शहर कूड़ा कूड़ा, अधिकारी बेफिक्र

जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा : दीपावली पर्व के चंद दिन शेष रह गए हैं। हर साल दीपावली से पहले ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण शहर में सफाई अभियान चलाता था, लेकिन इस साल सफाई अभियान अधिकारियों की उदासीनता की भेट चढ़ गया है। शहर का ऐसा कोई सेक्टर नहीं जहां गंदगी न पसरी हो। रही सही कसर सफाई कर्मचारियों के हड़ताल पर चले जाने के बाद पूरी हो गई है। सेक्टरों के पार्क व ग्रीन बेल्ट में कूड़े के ढेर लगे है। आलम यह है कि सेक्टरवासी पसरी गंदगी की वजह से संक्रामक रोग फैलने की आशंका जता रहे हैं। सेक्टरवासियों का आरोप है कि पहले ही निवासी मच्छरजनित बीमारियों का दंश झेल रहे थे। गंदगी ने परेशानी को और भी बढ़ा दिया है। बता दें कि ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण के सफाई कर्मचारी पिछले चार दिनों से हड़ताल पर है। जिसकी वजह से सेक्टरों से कूड़े का उठान नहीं हो रहा है। उधर त्योहारों के मद्देनजर घरों में लोग सफाई कार्य में जुटे हैं। घरों से निकलने वाले कूड़े को कुछ लोग पार्क, ग्रीन बेल्ट व सार्वजनिक स्थलों पर ठिकाने लगा रहे हैं। घरों से निकलने वाले नियमित कूड़े का भी सेक्टरों से उठान नहीं हो रहा है। जिसकी वजह से सेक्टरों में गंदगी पसर गई है। फेडरेशन के अध्यक्ष देवेंद्र टाइगर ने बताया कि हर साल दीपावली से पहले सेक्टरों की सफाई को अभियान चलाया जाता था। अधिकारी खुद सेक्टरों का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था का जायजा लेते थे, लेकिन इस बार अधिकारियों की उदासीनता आड़े आ गई है। दीपावली के चंद दिन शेष है। सेक्टरों में सफाई की जगह गंदगी के ढेर लगे है। पटरी ड्रेसिग, जंगली घास की कटाई का कार्य भी प्रारंभ नहीं हुआ है। सफाई कर्मचारियों के हड़ताल पर चले जाने के पश्चात समस्या और भी ज्यादा विकराल हो गई है।

chat bot
आपका साथी