बारिश से चरमराई शहर की बिजली आपूर्ति

जागरण संवाददाता नोएडा शहर में रविवार रात से रुक रुककर हो रही बारिश से बिजली व्

By JagranEdited By: Publish:Mon, 18 Oct 2021 06:18 PM (IST) Updated:Mon, 18 Oct 2021 06:18 PM (IST)
बारिश से चरमराई शहर की बिजली आपूर्ति
बारिश से चरमराई शहर की बिजली आपूर्ति

जागरण संवाददाता, नोएडा :

शहर में रविवार रात से रुक रुककर हो रही बारिश से बिजली व्यवस्था चरमरा गई है। 33 केवी व 11 केवी लाइन और ट्रांसफार्मर में फाल्ट के चलते कई सेक्टर व सोसायटियों में बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। लोग घंटों कटौती व लो वोल्टेज से परेशान रहे। सुबह के वक्त बिजली नहीं होने से कुछ सेक्टरों में पानी आपूर्ति की भी समस्या रही। विद्युत निगम की ओर से दिनभर मरम्मत का काम चलता रहा। इसके चलते बिजली लगातार आती-जाती रही।

सेक्टर-62 में ट्रांसफार्मर खराब होने से सात घंटे तक लो वोल्टेज की समस्या रही। औद्योगिक क्षेत्र होने से लोगों को परेशानी रही। घंटों जनरेटर चलते रहे। निगम द्वारा शाम छह बजे ट्रांसफार्मर बदला गया। इसके बाद बिजली आपूर्ति सामान्य हो पाई। सेक्टर-116 में सुबह पांच बजे से 11 बजे तक छह घंटे बिजली आपूर्ति गुल रही। पानी की आपूर्ति न होने से दफ्तर व स्कूल-कालेज जाने वालों को खासी दिक्कत हुई। सेक्टर -22 व 33 में भी सुबह चार बजे से बिजली गुल रही। इसके अलावा दूसरे सेक्टरों में भी आपूर्ति प्रभावित रही। सोसायटियों में आपूर्ति नहीं होने से घंटों डीजी सेट चलता रहा। इससे लोगों को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा। यहां भी लोगों को पानी के लिए जूझना पड़ा।

लोग देर रात से ही लगातार इंटरनेट मीडिया व दूसरे माध्यमों से विद्युत निगम के अधिकारियों से शिकायत करते रहे। इसके बाद भी कई घंटों तक बिजली गुल रही।

------

बारिश में शहर में कोई बड़ा ब्रेक डाउन नहीं हुआ। पूरे समय बिजली आपूर्ति जारी रही। कुछ स्थानों पर लोकल फाल्ट के चलते आपूर्ति बाधित रही। बारिश को देखते हुए पहले ही सभी अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए थे।

- वीएन सिंह, मुख्य अभियंता विद्युत निगम

chat bot
आपका साथी