बारिश ने बढ़ाई ठिठुरन, हवा 'गंभीर'
आसमान में धुंध की चादर और बादल छाए रहने के साथ बृहस्पतिवार क
जागरण संवाददाता, नोएडा :
आसमान में धुंध की चादर और बादल छाए रहने के साथ बृहस्पतिवार को बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज किया गया। इसके बावजूद धुंध के साथ वायु प्रदूषण गंभीर श्रेणी में पहुंच गया है। बृहस्पतिवार को हवा की रफ्तार भी धीमी रही। मौसम विज्ञानी के अनुसार दो दिनों में मौसम साफ हो जाएगा। साथ ही 7-8 दिसंबर को पश्चिमी विक्षोभ के चलते तापमान में गिरावट देखने को मिलेगा। वहीं शहर में निर्माण कार्य पर पाबंदी के बावजूद प्रदूषण फैलाने की गतिविधियां जगह-जगह जारी रहीं। जिसके चलते हवा गंभीर श्रेणी में दर्ज हुई है।
बृहस्पतिवार सुबह से आसमान में बादल छाए रहे। सूरज दिनभर बादलों में छिपा रहा। हवा की औसत रफ्तार छह किलोमीटर प्रतिघंटे के धीमी रफ्तार से बहती रही है। बूंदा-बांदी के बीच शाम को कुछ स्थानों पर बारिश के साथ धुंध की चादर आसमान में बिखरी रही, जिसके कारण तापमान में बुधवार की अपेक्षा एक डिग्री तापमान की गिरावट दर्ज की गई। इस दौरान न्यूनतम तापमान 15 डिग्री और अधिकतम तापमान 21 डिग्री दर्ज किया गया है। मौसम विज्ञानी महेश पलावत ने बताया कि शुक्रवार को बादल छाए रहेंगे। शनिवार को मौसम साफ रहेगा। पांच और छह दिसंबर को पश्चिमी विक्षोभ के चलते बारिश के बाद सात और आठ दिसंबर से तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। इससे ठिठुरन बढ़ेगी।
--------------
गंभीर श्रेणी में पहुंचा नोएडा का प्रदूषण
बीते कई दिनों के बाद नोएडा की हवा दोबारा से प्रदूषण स्तर बढ़ने से गंभीर श्रेणी में दर्ज किया गया। बृहस्पतिवार शाम चार बजे केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा जारी वायु गुणवत्ता सूचकांक के मुताबिक नोएडा का एक्यूआइ 408 दर्ज किया गया है, जो कि 13 नवंबर के बाद सबसे अधिक है। वहीं ग्रेटर नोएडा की हवा सुधार के साथ बहुत खराब श्रेणी में 356 एक्यूआइ रहा। इस कारण लोगों को त्वचा और आंखों में जलन की परेशानियों से जूझना पड़ रहा है। वहीं एनसीआर में दिल्ली का एक्यूआइ 429, फरीदाबाद का एक्यूआइ 428, गुरुग्राम का एक्यूआइ 377, गाजियाबाद का एक्यूआइ 347 दर्ज किया गया है।
--------
ग्रेप के नियमों की उड़ रहीं धज्जियां
शहर में ग्रेप के नियमों की धज्जियां उड़ रही हैं। गुरुवार को सेक्टर- 62 स्थित पीर बाबा वाली सड़क पर भवन निर्माण के साथ खनन कार्य जारी रहा। वहीं सेक्टर- 63,73,55,36,18 सहित कई अन्य जगहों पर सड़क पर खुले में निर्माण सामग्रियां बिखरी हैं।
नोएडा और ग्रेनो में सात दिनों का एक्यूआइ :
दिनांक नोएडा ग्रेनो
दो दिसंबर 408 356
एक दिसंबर 360 358 30 नवंबर 291 254 29 नवंबर 356 350
28 नवंबर 362 346 27 नवंबर 381 352 26 नवंबर 394 386