जेवर के बाद अब दादरी विधानसभा में ताकत दिखाएगी बसपा

जागरण संवाददाता ग्रेटर नोएडा जेवर विधानसभा के बाद दादरी में बृहस्पतिवार को कार्यकर्ता सम्

By JagranEdited By: Publish:Wed, 20 Oct 2021 09:27 PM (IST) Updated:Wed, 20 Oct 2021 09:27 PM (IST)
जेवर के बाद अब दादरी विधानसभा में ताकत दिखाएगी बसपा
जेवर के बाद अब दादरी विधानसभा में ताकत दिखाएगी बसपा

जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा : जेवर विधानसभा के बाद दादरी में बृहस्पतिवार को कार्यकर्ता सम्मेलन कर बसपा अपनी ताकत दिखाएगी। बादलपुर में हो रहा यह कार्यकर्ता सम्मेलन इसलिए भी अहम है कि यह पार्टी सुप्रीमो व पूर्व मुख्यमंत्री मायावती का पैतृक गांव है। विधान सभा चुनावों में बसपा इस सीट पर कड़ी टक्कर देती आई है। दो बार यहां से बसपा के विधायक रह चुके हैं। कार्यकर्ता सम्मेलन में दादरी विधानसभा सीट से पार्टी प्रत्याशी का नाम घोषित होने की भी संभावना है। बसपा ने सोमवार को जेवर विधानसभा क्षेत्र के बिलासपुर में कार्यकर्ता सम्मेलन कर आगामी चुनावों से पूर्व पार्टी की ताकत का प्रदर्शन किया था। सम्मेलन में बड़ी संख्या में समर्थक जुटाकर पार्टी ने साफ संदेश दिया था कि अन्य राजनीतिक दल विधानसभा चुनाव में उसे हल्के में न आंके। सम्मेलन में पार्टी ने जेवर विधानसभा सीट से नरेंद्र भाटी डाढ़ा को पार्टी प्रत्याशी भी घोषित किया था।

पार्टी जिले में अब दूसरा कार्यकर्ता सम्मेलन करने जा रही है। दादरी विधानसभा क्षेत्र के तहत बादलपुर के नजदीक बृहस्पतिवार को आयोजित होने वाले कार्यकर्ता सम्मेलन को सफल बनाने के लिए पार्टी पदाधिकारी जुटे हैं। बादलपुर पार्टी सुप्रीमो मायावती का पैतृक गांव होने के नाते दादरी विधानसभा सीट बसपा का मजबूत गढ़ रही है, लेकिन पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा ने बसपा से यह सीट छीन ली थी। आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी अपनी इस मजबूत सीट पर वापस कब्जा करने का प्रयास करेगी। इसलिए सम्मेलन के जरिये समर्थकों एवं दूसरे राजनीतिक दलों को अपनी ताकत का संदेश देने की तैयारी है।

दादरी विधानसभा सीट पर लगभग सभी राजनीतिक दल गुर्जर प्रत्याशी पर ही दांव लगाते आए हैं। इस बार यह सीट गुर्जरों के खाते में जाने की संभावना है। बताया जा रहा है कि कार्यकर्ता सम्मेलन में बसपा दादरी विधानसभा सीट से गुर्जर प्रत्याशी के नाम की घोषणा कर सकती है। सूत्रों की मानें तो किसान नेता बिसरख निवासी मनवीर भाटी को पार्टी दादरी से अपना उम्मीदवार घोषित करेगी।

chat bot
आपका साथी