चूल्हा-चौका छोड़ कोरोना से जंग में डटीं महिला कर्मी

नारी को जगत जननी कहा गया है। वेद-शास्त्रों में नारी को पूज्य बताया है। समूचा विश्व कोविड-19 के कहर से जूझ रहा है। जिले में भी कोरोना वायरस के केस 14 मिल चुके हैं। इस कारण नागरिकों में खौफ बैठ गया है लेकिन यहां कुछ महिलाएं चौका-चूल्हा छोड़कर देश समाज के लिए जिम्मेदारी निभा रही हैं। पुरुष कर्मचारियों के साथ महिलाएं भी कोरोना से जंग में कंधे से कंधा मिलाकर डटी हुई हैं।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 22 Apr 2020 11:26 PM (IST) Updated:Thu, 23 Apr 2020 06:02 AM (IST)
चूल्हा-चौका छोड़ कोरोना से जंग में डटीं महिला कर्मी
चूल्हा-चौका छोड़ कोरोना से जंग में डटीं महिला कर्मी

दिलशाद सैफी, मुजफ्फरनगर। नारी को जगत जननी कहा गया है। वेद-शास्त्रों में नारी को पूज्य बताया है। समूचा विश्व कोविड-19 के कहर से जूझ रहा है। जिले में भी कोरोना वायरस के केस 14 मिल चुके हैं। इस कारण नागरिकों में खौफ बैठ गया है, लेकिन यहां कुछ महिलाएं चौका-चूल्हा छोड़कर देश, समाज के लिए जिम्मेदारी निभा रही हैं। पुरुष कर्मचारियों के साथ महिलाएं भी कोरोना से जंग में कंधे से कंधा मिलाकर डटी हुई हैं। हालांकि कर्मचारी यूनियन ने इन्हें केवल सड़कों और गलियों की सफाई का काम सौंप रखा है। कूड़ा उठाने और उसे ढोने के लिए पुरुष वर्ग की ड्यूटी लगाई गई है।

गंदगी पर 300 की झाडू, चमक रहा शहर

पालिका अधिकारियों ने करीब 830 कर्मचारियों को ड्यूटी पर लगा रखा है। इनमें लगभग 300 महिला कर्मचारी शामिल हैं। 300 महिलाओं की सुबह और शाम गंदगी पर झाडू पड़ने से सफाई व्यवस्था चकाचक है। मुख्य सड़कों के साथ वार्डो में सुनसान पड़ी गलियों में इन कर्मचारियों की झाडू के शर्र-शर्र की आवाज सन्नाटे को चीर रही है। कर्मचारी यूनियन ने पचास वार्डों में संख्या के आधार पर महिला कर्मियों को तैनात किया है। इन्हें सुरक्षा के लिए ग्लव्स, सैनिटाइजर और मॉस्क उपलब्ध कराए गए हैं। इनमें अधिकांश महिला कर्मी अपने शहर और समाज के साथ ही परिवार की भी जिम्मेदारी का निर्वाहन कर रही है।

सील क्षेत्रों में बरत रहीं एहतियात

शहर में किदवईनगर क्षेत्र कोरोना पॉजिटिव केस मिलने के बाद सील है। यहां पुरुष कर्मियों के साथ महिलाओं की भी ड्यूटी बेहद सावधानीपूर्वक लगाई गई है। गलियों में सफाई के बाद कूड़ा एक स्थान पर एकत्र किया जा रहा है, जिसे उठाकर कर्मचारी हॉट स्पॉट से बाहर कर रहे हैं। बुधवार को महिलाओं ने सफाई के बाद श्रीबालाजी चौक पर कली-चूने से सड़क पर 'कोरोना स्टॉप' लिखकर जागरूकता लाने का कार्य किया।

जिस लगन और मेहनत से नगर पालिका के कर्मचारी कार्य में लगे हैं, वे सभी सम्मान के पात्र हैं। महिला कर्मी भी सुबह-शाम शहर की सफाई के साथ अन्य गतिविधियों में हाथ बटा रही हैं। इन सभी कर्मचारियों पर हमें गर्व है। लॉकडाउन खुलने व कोरोना पर स्थिति सामान्य होने के बाद सभी का सम्मान कराया जाएगा।

-अंजु अग्रवाल, नगर पालिकाध्यक्ष। पुरुषों के साथ महिला कर्मी भी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वाह कर रही है। वार्डों में संख्या के हिसाब से सभी कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। खासकर महिलाएं परिवार के साथ समाज के लिए भी अपना कर्तव्य निभा रही हैं। वे सभी सम्मान योग्य हैं।

-राजू वैद, महामंत्री, सफाई कर्मचारी यूनियन।

chat bot
आपका साथी