कोरोना से बाधित हुई शिक्षा व्यवस्था में तेजी से होगा सुधार : कपिलदेव अग्रवाल

व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास राज्यमंत्री कपिलदेव अग्रवाल ने दैनिक जागरण प्रश्न पहर में पाठकों ने ढेरों सवाल किए। प्रदेशभर से अधिकतर सवाल कोरोना संक्रमण के चलते आइटीआइ की परीक्षा नहीं होने और छात्रों को प्रमोट करने को लेकर रहे।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 01 Aug 2021 11:46 PM (IST) Updated:Sun, 01 Aug 2021 11:46 PM (IST)
कोरोना से बाधित हुई शिक्षा व्यवस्था में तेजी से होगा सुधार : कपिलदेव अग्रवाल
कोरोना से बाधित हुई शिक्षा व्यवस्था में तेजी से होगा सुधार : कपिलदेव अग्रवाल

मुजफ्फरनगर, जेएनएन। व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास राज्यमंत्री कपिलदेव अग्रवाल ने 'दैनिक जागरण' प्रश्न पहर में पाठकों ने ढेरों सवाल किए। प्रदेशभर से अधिकतर सवाल कोरोना संक्रमण के चलते आइटीआइ की परीक्षा नहीं होने और छात्रों को प्रमोट करने को लेकर रहे। राज्यमंत्री ने कहा कोरोना से प्रभावित हुई शिक्षा व्यवस्था में तेजी से सुधार होगा। शिक्षा के साथ ही स्वास्थ्य और रोजगार पर ध्यान दिया जा रहा है। विकास की नई और कई राहें खुल रही हैं। उन्होंने कई समस्याओं का समाधान फोन पर ही किया।

---

आइटीआइ की परीक्षा तीन साल से नहीं हो रही है। छात्र भी अगली कक्षा में प्रमोट नहीं हुए हैं। छात्रवृत्ति भी नहीं मिल रही है। आप विभागीय मंत्री हैं, छात्रहित में कुछ कीजिए।

- गौरव चौहान जिला फर्रुखाबाद, संजय मिश्रा जिला आजमगढ़, अनिल कुमार जिला चंदौली, सुशील कुमार जिला अंबेडकरनगर, विपिन कुमार जिला आजमगढ़, सुभाष कुमार जिला मिर्जापुर, सत्यव्रत मिश्रा जिला प्रयागराज, अनुज कुमार जिला बुलंदशहर, राकेश कुमार जिला रामपुर, राकेश कुमार जिला वाराणसी, डा. जीतेंद्र सिंह जिला मेरठ, चौ. महेंद्र सिंह खुर्जा, अमित कुमार, जिला प्रयागराज। - कोरोना काल के चलते छात्रों की समय से परीक्षाएं नहीं हो पाई। यही कारण रहा कि बच्चे प्रमोट नहीं हुए, लेकिन तीन साल से रिजल्ट क्यों रोका गया है, इस बारे में संबंधित अधिकारियों को तलब किया जाएगा। केंद्रीय मंत्री समेत उच्चाधिकारियों को आज ही पत्र लिखा जाएगा। आनलाइन या आफलाइन परीक्षाफल शीघ्र कराएंगे। आनलाइन क्लास जारी रहेगी।

---

राशन नहीं मिल रहा है, जबकि सरकार ने भाजपा सरकार ने दावा किया है कि हर गरीब को राशन दिया जाएगा।

-शिवधन शर्मा, भरतिया कालोनी

- कोरोना काल से खाद्यान्न का वितरण जारी है। सरकार की मंशा है कि कोई भी भूखे पेट न सोए। राशन क्यों नहीं मिल रहा, इसके बारे में पता कराएंगे।

---

शांतिनगर मोहल्ले में बड़ी संख्या में लोगों के वोट नहीं बने हैं, जिससे लोग परेशान हैं। अलग से बूथ की व्यवस्था की जाए।

- सुभाष राठी, शांतिनगर

- इस बारे में संबंधित अधिकारी को निर्देश दिए जाएंगे। वोट बनाने का कार्य चल रहा है तो तत्काल बूथ की व्यवस्था कराई जाएगी।

---

लंबे समय से सहकारी शुगर मिल मोरना के विस्तारीकरण की मांग की जा रही है। आखिर किसानों की इस समस्या पर ध्यान क्यों नहीं दिया जा रहा है?

- जोगिद्र वर्मा, भोकरहेड़ी

- इस बारे में प्रक्रिया चल रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर किसानों की इस समस्या का समाधान कराया जाएगा।

---

प्रधानमंत्री आवास योजना की दूसरी किस्त अभी तक प्राप्त नहीं हुई, जिसके चलते निर्माण कार्य अधूरा है।

- अनीता राठी, दक्षिणी कृष्णापुरी

- पहली किस्त प्राप्त हो गई है तो आप पात्र हैं। जल्द ही दूसरी किस्त की धनराशि जारी होगी। इस बारे में संबंधित अधिकारी से बात की जाएगी।

---

गांधी कालोनी में चौकी के समीप शौचालय बना था, जिस पर ताला लटका है। कुछ हिस्से पर कब्जा कर लिया गया है।

- ललित कुमार, गांधी कालोनी

- मामले को दिखवाते हैं। यदि अवैध कब्जा है तो तत्काल हटवाया जाएगा।

---

मीरापुर विधायक लंबे समय से लापता हैं। बाहरी व्यक्ति को भाजपा ने टिकट क्यों दिया।

- पदम सिंह तोमर, बेलड़ा

- यह मामला शीर्ष नेतृत्व स्तर का है। पूरा मामले सरकार के संज्ञान में है।

---

सिखेड़ा मार्ग छह साल से टूटा हुआ है, कब तक बनेगा?

- वीरेंद्र कुमार, सिखेड़ा

- मार्ग को जल्द बनवाया जाएगा। प्रक्रिया चल रही है।

---

प्रेमपुरी में दुर्गा मंदिर के समीप की दीवार गिर गई है। गंदगी भी फैली है।

- डा. नरेश, प्रेमपुरी

- मामले को गंभीरता के साथ दिखवाया जाएगा। गंदगी साफ कर दीवार को बनवाया जाएगा।

---

-साकेत की मुख्य रोड सालों से टूटी हुई है, कब तक बन जाएगी?

- डा. सुरेश चंद्र शर्मा, वसंत विहार

- इस बारे से संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर निर्माण कार्य कराया जाएगा।

---

- महादेव आइटीआइ में तीसरे सेमेस्टर के 84 बच्चों की प्रयोगात्मक परीक्षा नहीं हुई है। कोई सुनने को तैयार नहीं है।

- रवींद्र सिंह, मुजफ्फरनगर

- प्रयोगात्मक परीक्षा क्यों नहीं कराई गई, इसकी वजह जानी जाएगी। बच्चों का अहित नहीं होने दिया जाएगा।

---

आइटीआइ का परीक्षाफल जारी नहीं हो रहा है।

- अर्पित शर्मा, फदौला पुरकाजी

- कोरोना काल के चलते ऐसा हुआ है, जल्द ही रिजल्ट जारी कराएंगे।

---

तीर्थनगरी शुकतीर्थ में विकास कार्य नहीं हुए, जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वादा किया था।

- गोविद शुक्ला, शुकतीर्थ

- शुकतीर्थ में विकास कार्य चल रहे हैं। हो सकता है कि कोई एक स्थान रह गया है, उसका भी विकास कराया जाएगा।

---

बच्चों की पढ़ाई ठप हो गई है। बच्चों का मानसिक विकास कैसे होगा?

- विकास तिवारी, गाजीपुर

- कोरोना संक्रमण के चलते स्कूल-कालेज नहीं खुल पा रहे हैं। जल्द ही शिक्षा व्यवस्था पटरी पर लौटेगी। आनलाइन पढ़ाई जारी रखें।

---

नौकरी नहीं मिल रही है। आइटीआइ से टेक्नीशियन का डिप्लोमा कर रखा है।

गुरमीत, रामपुरी

- आइटीआइ डिप्लोमाधारकों के लिए रोजगार के ढेरों अवसर है। रोजगार मेला लगातार आयोजित कराए जा रहे हैं। आवेदन जरूर करें।

---

रामराज में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर कोरोनारोधी टीकाकरण नहीं लगाया जा रहा है।

जसवीर सिंह, रामराज

- सीएमओ से इस बारे में आज ही वार्ता की जाएगी। कल से केंद्र पर टीकाकरण शुरू कराया जाएगा।

---

सरकार की महत्वाकांक्षी उज्ज्वला योजना का लाभ सभी पात्रों को नहीं मिल रहा है। पीएम आवास योजना के लाभ से भी बड़ी संख्या में पात्र वंचित हैं।

- राजू कुमार, भौराखुर्द

- दोनों योजनाएं महत्वपूर्ण और जनहित की है। बड़ी संख्या में पात्रों को लाभ दिया गया है और दीया जा रहा है। यदि कोई लाभ से वंचित है आवेदन जरूर करें। यदि फिर भी लाभ नहीं मिला तो मुझे अवगत कराए। लाभ दिलाया जाएगा।

---

बकाया गन्ना भुगतान अभी तक नहीं हुआ है। पूर्ण भुगतान कब तक होगा?

- राहुल सहरावत, मोरना

- बकाया गन्ना भुगतान के लिए अधिकारियों और मिल मालिकों के साथ लगातार वार्ता की जा रही है। किसान की एक-एक पाई का भुगतान कराया जाएगा।

---

बारिश में मकान गिर गया है। अभी तक कोई मदद नहीं मिल पाई है।

- जगदीश , कैलावड़ा

- आपदा से क्षति पर सरकार की ओर से आर्थिक मदद दी जा रही है। इसका लाभ दिलाया जाएगा।

---

स्वास्थ्य केंद्र समेत अस्पताल में उपचार के लिए पैसे मांगे जाते हैं।

- सोनम, जानसठ

- भाजपा राज में भ्रष्टाचारियों पर सीधे कार्रवाई हो रही है। पैसे मांगने के सुबूत है तो उन्हें भेज दो। सीधे कार्रवाई होगी। अपने स्तर से भी मामले को दिखवाया जाएगा।

---

पब्लिक स्कूल संचालक मनमानी पर उतारू हैं। फीस जमा नहीं करने पर परीक्षाफल जारी नहीं कर रहे हैं।

- अमित कुमार, रामलीला टिल्ला

- कोरोना संक्रमण के चलते अभिभावक फीस नहीं दे पा रहे हैं। किस्तों में फीस जमा करने का प्रावधान है। यदि फिर भी स्कूल संचालकों ने मनमानी की तो कार्रवाई कराई जाएगी।

---

जानसठ जाने वाले लिक मार्ग पर आए दिन मिट्टी से हादसे हो रहे हैं। दरअसल, खनन के चलते रात में गाड़ी मिट्टी ले जाती है, जो सड़कों पर बिखर जाती है।

रामनारायण, जानसठ

- इस बारे में आज ही अधिकारियों से बात की जाएगी। अवैध खनन पर कार्रवाई कराएंगे।

---

शिक्षकों की भर्ती कब निकलेगी और जो चल रही है, वह निष्पक्ष नहीं है।

- राकेश कुमार जिला रामपुर, आरएन अवस्थी जिला कानपुर

- बेसिक और माध्यमिक विद्यालयों मे रिक्त सीटों के हिसाब से शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से की जा रही है।

chat bot
आपका साथी