शीतलहर-कोहरे में कांपे लोग, प्रदेश में सबसे ठंडा रहा जिला

जिले में बारिश व ओलावृष्टि के बाद शीतलहर का प्रकोप बढ़ गया। घने कोहरे ने वाहनों की गति पर ब्रेक लगा दिया। वाहन रेंग-रेंगकर चलते रहे। पूरे दिन शीतलहर चलने और बादल छाए रहने से रविवार इस सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा। अधिकतम तापमान लुढ़ककर 15.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। पूरे दिन लोग गर्म व ऊनी कपड़ों में लिपटे रहे। मुजफ्फरनगर प्रदेश में सबसे ठंडा रहा।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 13 Dec 2020 09:58 PM (IST) Updated:Sun, 13 Dec 2020 09:58 PM (IST)
शीतलहर-कोहरे में कांपे लोग, प्रदेश में सबसे ठंडा रहा जिला
शीतलहर-कोहरे में कांपे लोग, प्रदेश में सबसे ठंडा रहा जिला

जेएनएन, मुजफ्फरनगर। जिले में बारिश व ओलावृष्टि के बाद शीतलहर का प्रकोप बढ़ गया। घने कोहरे ने वाहनों की गति पर ब्रेक लगा दिया। वाहन रेंग-रेंगकर चलते रहे। पूरे दिन शीतलहर चलने और बादल छाए रहने से रविवार इस सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा। अधिकतम तापमान लुढ़ककर 15.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। पूरे दिन लोग गर्म व ऊनी कपड़ों में लिपटे रहे। मुजफ्फरनगर प्रदेश में सबसे ठंडा रहा।

शनिवार की देर रात में ही कोहरे ने पैर पसार लिए थे। रविवार को लोग जब सोकर उठे तो घना कोहरा छाया हुआ था। कोहरे में दृश्यता इतनी कम थी कि सामने 50 मीटर की दूरी पर भी कुछ दिखाई नहीं दे रहा था। हेडलाइट जलाने के बाद भी वाहन रेंग-रेंगकर चल रहे थे। पेड़-पौधों से कोहरे की बूंदें जमीन पर टपक रही थीं। कोहरे के चलते भारी वाहनों के चालकों ने अपने वाहन होटल, ढाबों, रेस्तरां व सड़कों के किनारे एक तरफ लगाकर खड़े कर दिए। सुबह कोहरा कम होने पर चालक अपने वाहनों को लेकर रवाना हो सके। सुबह करीब नौ बजे कोहरा छंटने के बाद पूरे दिन शीतलहर चलती रही। बादल छाए रहे। इससे ठंड बढ़ गई और पूरे दिन लोग गर्म व ऊनी कपड़ों में लिपटे रहे। ठंड से बचाव के लिए लोगों ने हीटर, गैस बर्नर, वार्मर, अलाव आदि जलाने शुरू कर दिए हैं। रविवार को अधिकतम तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 12.0 डिग्री सेल्सियस रहा। रात व दिन के तापमान में मात्र 3.6 डिग्री सेल्सियस का अंतर रहा। जानसठ : रविवार को दिनभर बादल छाए रहे। शीतलहर चलती रही। सूर्य देव के दर्शन न होने से लोग घरों में दुबकने को मजबूर रहे। गर्म व ऊनी कपड़ों की दुकानों पर लोगों की भीड़ नजर आई। ठंड बढ़ने के साथ ही एसडीएम अमृतपाल कौर ने नगर पंचायत के सभी प्रमुख चौराहों पर अलाव की व्यवस्था करने तथा रैन-बसेरों में विशेष इंतजाम करने के आदेश दिए। छपार : क्षेत्र में घने कोहरे के चलते जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा। धूप नहीं निकलने से लोग ठंड से कांपते रहे। नेशनल हाईवे पर भी वाहन मंद-मंद चलते रहे। जगह-जगह लोग आग जलाकर हाथ तापकर ठंड से बचाव का प्रयास करते रहे। क्षेत्र के रामपुर तिराहा, सिसौना, बढेड़ी, रेई, बिजोपुरा, बरला व बसेड़ा गांव में कोहरे से जनजीवन प्रभावित रहा। मीरापुर : क्षेत्र में ठंडी हवा व बादल में छिपे सूर्यदेव के कारण लोगों को ठंड का एहसास होता रहा। ठंड के चलते कस्बे का बाजार व सड़कें सूनी पड़ी रहीं। व्यापारी व दुकानदार ग्राहकों का इंतजार करते रहे। नगर पंचायत की ओर से कस्बे में अलाव की कोई व्यवस्था अभी तक नहीं की गई, जिससे नागरिकों में रोष व्याप्त है। बाबी, मुकेश, पवन, सोहनवीर, राजू, गजेंद्र व मयंक आदि ने डीएम को पत्र भेजकर अलाव शुरू कराने की मांग की। चेयरमैन तंजीला कुरैशी ने बताया कि एक-दो दिन बाद अलाव की व्यवस्था शुरू कर दी जाएगी। चरथावल : ठंड बढ़ने से बच्चे व बुजुर्ग घरों में दुबके रहे। बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। दुकानदार, ग्राहक न होने के कारण अलाव जलाकर तापते रहे। सर्दी के प्रकोप से जनजीवन भी अस्त-व्यस्त रहा। लोगों ने अलाव जलाकर सर्दी से बचने का प्रयास किया। चेयरमैन सतेंद्र त्यागी ने कहा कि अचानक बढ़ी सर्दी से बचाव के लिए नगर में निर्धन व मलिन बस्तियों के अलावा चौराहों पर अलाव जलवाने की व्यवस्था की गयी है।

chat bot
आपका साथी