गंगा बैराज पर रोके गए किसानों ने लगाया जाम

ट्रैक्टर लेकर दिल्ली जा रहे किसानों को बिजनौर जिला प्रशासन के रोकने पर किसानों ने हंगामा करते हुए जाम लगा दिया। गंगा बैराज से देवल गांव तक वाहनों की लंबी कतारें लग गई।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 22 Jan 2021 11:38 PM (IST) Updated:Fri, 22 Jan 2021 11:38 PM (IST)
गंगा बैराज पर रोके गए किसानों ने लगाया जाम
गंगा बैराज पर रोके गए किसानों ने लगाया जाम

जेएनएन, मुजफ्फरनगर। ट्रैक्टर लेकर दिल्ली जा रहे किसानों को बिजनौर जिला प्रशासन के रोकने पर किसानों ने हंगामा करते हुए जाम लगा दिया। गंगा बैराज से देवल गांव तक वाहनों की लंबी कतारें लग गई।

बिजनौर जिले से सैकड़ों किसान शुक्रवार को ट्रैक्टर लेकर दिल्ली के लिए कूच कर रहे थे, लेकिन बिजनौर प्रशासन ने किसानों को दिल्ली जाने से रोक दिया था। कई घंटों की गहमागहमी के बाद किसान ट्रैक्टर लेकर गंगा बैराज तक आ गए थे। पुलिस ने किसानों को बैराज पर रोक दिया। इससे नाराज किसानों ने गंगा बैराज के निकट मेरठ-पौड़ी राजमार्ग पर जाम लगा दिया। जाम लगने के कुछ देर बाद ही वाहनों की लंबी कतारें लग गई। शाम करीब 5 बजे तक देवल गांव तक वाहनों की कतारें पहुंच चुकी थीं। वहीं जिला बिजनौर से किसानों के ट्रैक्टरों आने की सूचना से मुजफ्फरनगर जिला प्रशासन में भी अफरातफरी मची रही। खुफिया विभाग व पुलिस विभाग के कर्मचारी पल-पल की घटना पर पैनी नजर जमाए हुए थे। जाम से यात्री हुए हलकान

गंगा बैराज पर किसानों के जाम से मेरठ-पौड़ी राजमार्ग पर करीब पांच किलोमीटर लंबा जाम लग गया। दिल्ली व मुजफ्फरनगर की ओर से बिजनौर जाने वाले वाहन जाम में फंसे रहे। वाहनों में सवार महिलाएं-पुरुष व बच्चे कई घंटे तक जाम में फंसे रहने से हलकान हो गए। यात्री बसों से उतरकर पैदल ही गंतव्य की ओर रवाना हो गए। स्थानीय लोग यात्रियों की मदद के लिए आ गए तथा यात्रियों को पानी व छोटे बच्चों के लिए दूध की व्यवस्था कराई। भाकियू ट्रैक्टर परेड की तैयारी में जुटी

जेएनएन, मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना में भाकियू कार्यकर्ताओं ने दिल्ली में गणतंत्र दिवस परेड में शामिल होने की तैयारी तेज कर दी है। भाकियू पदाधिकारियों ने सभा कर ट्रैक्टर परेड की रणनीति बनाई।

भाकियू नगर अध्यक्ष हाजी नसीम के आवास पर सभा हुई। भाकियू ब्लाक अध्यक्ष संजीव पंवार ने कहा कि किसानों ने गणतंत्र दिवस की परेड में शामिल होने के लिए अभ्यास शुरू कर दिया है। परेड के लिए गांव-गांव ट्रैक्टरों को तैयार किया जा रहा है। किसानों की ट्रैक्टर रैली 25 जनवरी को बायवाला चौराहे से दिल्ली के लिए कूच करेगी। ट्रैक्टरों को झंडे व पोस्टरों से सजाने के साथ उन पर आंदोलन को लेकर पंक्तियां भी लिखी जा रही हैं। इसके साथ ही अतिरिक्त डीजल का भी इंतजाम है। ट्रैक्टर पर विशेष रूप से देशभक्ति गीतों की व्यवस्था की है, जिसे गणतंत्र दिवस के मौके पर सुना जाएगा। इस मौके पर भाकियू तहसील अध्यक्ष अनुज बालियान, विकास त्यागी, बाबा धीर सिंह, बिजेंद्र व प्रवीण आदि मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी