कोहरे की चादर से ढका जिला, ठंड से कांप रहे लोग

ठंड के साथ कोहरे की चादर से जिला ढका रहा। सुबह से ही सड़कों पर घना कोहरा छाया रहा। कोहरे से यातायात प्रभावित हो गया। हेडलाइट जलाने के बाद भी वाहन रेंग-रेंगकर चलते रहे।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 15 Jan 2021 10:52 PM (IST) Updated:Fri, 15 Jan 2021 10:52 PM (IST)
कोहरे की चादर से ढका जिला, ठंड से कांप रहे लोग
कोहरे की चादर से ढका जिला, ठंड से कांप रहे लोग

जेएनएन, मुजफ्फरनगर। ठंड के साथ कोहरे की चादर से जिला ढका रहा। सुबह से ही सड़कों पर घना कोहरा छाया रहा। कोहरे से यातायात प्रभावित हो गया। हेडलाइट जलाने के बाद भी वाहन रेंग-रेंगकर चलते रहे। दोपहर तक सूरज की एक भी किरण नहीं दिखी, जिससे वातावरण में ठिठुरन बढ़ गई। दोपहर बाद हल्की धूप निकलने पर लोगों को राहत मिल सकी।

लोग जब सोकर उठे तो घना कोहरा छाया हुआ था। कोहरे ने वाहनों की गति पर ब्रेक लगा दिया। हेडलाइट जलाने के बाद भी वाहन रेंग-रेंगकर चलते रहे। कोहरे की दृश्यता इतनी कम थी कि सामने 10 मीटर की दूरी पर भी कुछ दिखाई नहीं दे रहा था। कई दिन से छा रहे धुंध व कोहरे से यातायात प्रभावित हो गया। लंबी दूरी की ट्रेनें व बसें अपने निर्धारित समय से देरी से चल रही हैं। इससे हर कोई हलकान है। कोहरे ने लोगों की परेशानी को बढ़ा दिया है। कोहरे के चलते सभी घरों में दुबकने को मजबूर हैं। भारी वाहनों के चालकों ने तो अपने वाहनों को सड़कों के किनारे बने होटल, ढाबों, रेस्टोरेंट आदि पर खड़े कर दिए। कोहरे की दृश्यता बढ़ने पर ही चालक वाहनों को लेकर रवाना हो सके। दोपहर 12 बजे के बाद भगवान सूर्यदेव दिखाई दिए। हल्की धूप निकलने के बाद ठंड से राहत मिल सकी। ठंड से बचाव के लिए लोग गर्म व ऊनी कपड़ों में लिपटे रहे। खेतों पर किसान देर से पहुंचे। बाजार सुबह देर से खुले और शाम को जल्द बंद हो गए। ठंड से बचाव के लिए घर, दुकान, प्रतिष्ठान, दफ्तर आदि में अंगीठी, हीटर, लकड़ी, कोयला, गैस बर्नर आदि जलाते रहे। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 19.4 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 06.8 डिग्री सेल्सियस रहा।

chat bot
आपका साथी