विवादित भूमि पर बवाल, पुलिस पर पथराव और फायरिग

मुजफ्फरनगर जेएनएन। थानाक्षेत्र के गांव अलावलपुर में विवादित जमीन पर हुए निर्माण को लेकर कश्य

By JagranEdited By: Publish:Fri, 23 Jul 2021 11:35 PM (IST) Updated:Fri, 23 Jul 2021 11:35 PM (IST)
विवादित भूमि पर बवाल, पुलिस पर पथराव और फायरिग
विवादित भूमि पर बवाल, पुलिस पर पथराव और फायरिग

मुजफ्फरनगर, जेएनएन। थानाक्षेत्र के गांव अलावलपुर में विवादित जमीन पर हुए निर्माण को लेकर कश्यप और अनुसूचित समाज के लोगों के बीच बवाल हो गया। पुलिस पर कश्यप समाज के लोगों ने पथराव और फायरिग कर दी। कुछ पुलिसकर्मियों को बंधक बना लिया। एसएसपी अभिषेक यादव भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति संभाली। पुलिस ने मौके से सात आरोपितों को दबोच लिया। इस मामले में कश्यप समाज के 26 नामजद और 150 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

गांव अलावलपुर में ग्राम पंचायत की भूमि पर मंदिर बना हुआ है। मंदिर में कश्यप समाज ने महर्षि कालू बाबा और अन्य देवी-देवताओं की मूर्ति लगा रखी है। अनुसूचित जाति के लोग उक्त जमीन पर उनका रास्ता होने का दावा कर रहे हैं। गुरुवार को कश्यप समाज के लोगों ने मंदिर की जमीन पर एक दीवार का निर्माण कर दिया। देर रात अनुसूचित जाति के लोगों ने उक्त दीवार को गिरा दिया। इस दौरान दोनों पक्षों में जमकर पथराव और फायरिग हुई। पथराव में भगवान श्रीराम और श्री कृष्ण की मूर्ति खंडित हो गई। चौकी इंचार्ज शिव नागर पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। आरोप है कि कश्यप समाज के लोगों ने पुलिसकर्मियों पर पथराव और फायरिग कर दी। इंस्पेक्टर एमपी सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माने। पथराव में दारोगा समेत चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस ने कश्यप समाज के सात लोगों को दबोच लिया। दारोगा शिव सिंह नागर की तरफ से कश्यप समाज के 26 नामजद और 150 अज्ञात के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। गांव में तनाव के चलते फोर्स तैनात कर दिया गया है।

कश्यप समाज ने दी मतांतरण की चेतावनी

कश्यप समाज के लोगों ने निर्माणाधीन दीवार व मूर्ति तोड़कर पथराव करने वाले अनुसुचित समाज के लोगों के खिलाफ कार्रवाई न होने पर मतांतरण की चेतावनी दी है। थाना प्रभारी का कहना है कि विवादित भूमि पर रास्ते में दीवार को लेकर आपस में पथराव हुआ था। पुलिस पर कश्यप समाज के लोगों ने पथराव किया और बंधक बनाया। इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। तहरीर आने पर अनुसूचित जाति के लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

इन्होंने कहा

पथराव में पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। सात आरोपितों को पकड़ लिया गया है। फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

- अभिषेक यादव, एसएसपी।

chat bot
आपका साथी