बदल रहा प्रदेश, अब है कानून का राज : बालियान

उत्तर प्रदेश के स्थापना दिवस पर नुमाइश ग्राउंड में मेला और प्रदर्शनी लगाई गई जिसमें मंत्री विधायक और अधिकारियों ने शिरकत की। स्टाल का निरीक्षण कर सभी ने स्वदेशी उत्पादों की सराहना की। स्कूली छात्रों ने रंगारंग कार्यक्रम कार्यक्रम से समां बांधा।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 24 Jan 2021 11:29 PM (IST) Updated:Sun, 24 Jan 2021 11:29 PM (IST)
बदल रहा प्रदेश, अब है कानून का राज : बालियान
बदल रहा प्रदेश, अब है कानून का राज : बालियान

जेएनएन, मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के स्थापना दिवस पर नुमाइश ग्राउंड में मेला और प्रदर्शनी लगाई गई, जिसमें मंत्री, विधायक और अधिकारियों ने शिरकत की। स्टाल का निरीक्षण कर सभी ने स्वदेशी उत्पादों की सराहना की। स्कूली छात्रों ने रंगारंग कार्यक्रम कार्यक्रम से समां बांधा।

कार्यक्रम का शुभारंभ केंद्रीय राज्यमंत्री डा. संजीव बालियान, राज्यमंत्री कपिलदेव अग्रवाल, राज्यमंत्री विजय कश्यप, बुढ़ाना विधायक उमेश मलिक, खतौली विधायक विक्रम सैनी, डीएम सेल्वा कुमारी जे ने फीटा काटकर किया। बाल कलाकारों ने सांस्कृतिक और देशभक्ति गीतों से वाहवाही बटोरी। मेधावियों को सम्मानित किया।

डा. संजीव बालियान ने कहा कि कार्यक्रम में जनता की भागीदारी कम है। प्रशासन आगे से इस प्रकार के कार्यक्रम कराए तो जनभागीदारी जरूर बढ़ाए। कहा कि मुजफ्फरनगर के साथ उत्तर प्रदेश बदल रहा है। योगी सरकार में विकास, सड़क निर्माण, उद्योग-धंधों की बात होती है। यूपी में अब कानून का राज है, जबकि पूर्व की सरकार चोर और डकैत को छुड़वाती थी।

कपिलदेव अग्रवाल ने कहा कि पूर्व में अफसर व नेता काम नहीं करते थे, लेकिन अब ऐसा नहीं है। किसान आत्मनिर्भर हो रहे हैं। पूर्व में लड़कियों से छेड़छाड़ होती थी, लेकिन अब कोई दुस्साहस नहीं करता। बेटियां निर्भीक होकर आगे बढ़ रही हैं।

राज्यमंत्री विजय कश्यप ने कहा कि सर्वाधिक प्रधानमंत्री यूपी से रहे हैं, फिर भी प्रदेश को बदनाम किया गया। अब उत्तर प्रदेश उत्तम प्रदेश बन रहा है। हरियाणा के लोग उनसे कहते हैं कि यहां भी योगी आदित्यनाथ जैसा मुख्यमंत्री बनना चाहिए। कार्यक्रम का संचालन जयराज ने किया। इस दौरान सीडीओ आलोक कुमार यादव, एडीएम प्रशासन अमित सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट अभिषेक सिंह, सीएमओ डा. प्रवीण चोपड़ा, कृषि उप निदेशक जसवीर सिंह तेवतिया व जिला कृषि रक्षा अधिकारी पवन विश्वकर्मा आदि मौजूद रहे।

भड़ाना पर भड़के सैनी

खतौली विधायक विक्रम सैनी ने कहा कि उन्हें नेता पुलिस ने बनाया है। झूठे मामलों में कार्रवाई होने के साथ ही नाम होता गया। दंगों के आरोप में उन पर रासुका लगी। जेल से छूटने के बाद रासुका लगाने वाले कप्तान को घर जाकर मिठाई दी थी। उन्होंने कहा कि अवतार सिंह भड़ाना में हिम्मत है तो इस बार खतौली विधानसभा सीट से चुनाव लड़ के दिखाएं, जमानत जब्त हो जाएगी। भड़ाना कैसे 91 वोटों से जीते, यह बताने की बात नहीं है।

स्वदेशी उत्पाद छाए

मेले में स्वदेशी उत्पाद के विभिन्न स्टाल लगाए गए, जिसमें देशी गुड़, अचार व मुरब्बा संबंधित स्टाल आकर्षण का केंद्र रहे। विभागीय योजनाओं की जानकारी के लिए भी स्टाल लगाए गए। हालांकि भीड़ नहीं होने के चलते चहल-पहल नहीं रही।

chat bot
आपका साथी