धूप निकलने पर भी ठंड से नहीं मिल पा रही राहत

धुंध व कोहरे से लोगों को निजात नहीं मिल पा रही है। बीते कई दिन से कोहरा लोगों को हलकान कर रहा है। वाहनों की गति पर ब्रेक लगा रखा है। दिन का तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस कम रहा जिससे दिन में भी लोगों की कंपकंपी छूटती रही।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 16 Jan 2021 11:38 PM (IST) Updated:Sat, 16 Jan 2021 11:38 PM (IST)
धूप निकलने पर भी ठंड से नहीं मिल पा रही राहत
धूप निकलने पर भी ठंड से नहीं मिल पा रही राहत

जेएनएन, मुजफ्फरनगर। धुंध व कोहरे से लोगों को निजात नहीं मिल पा रही है। बीते कई दिन से कोहरा लोगों को हलकान कर रहा है। वाहनों की गति पर ब्रेक लगा रखा है। दिन का तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस कम रहा, जिससे दिन में भी लोगों की कंपकंपी छूटती रही।

शुक्रवार की देर शाम ही कोहरा छा गया था जो शनिवार की दोपहर तक छाया रहा। कोहरे की दृश्यता अन्य दिनों की अपेक्षा कुछ अधिक रही। हेडलाइट जलाने के बाद वाहन भी मंद गति से चलते रहे। पेड़-पौधों से बूंदों के रूप में कोहरा टपकता रहा। पिछले कई दिन से पड़ रही ठंड व कोहरे ने लोगों को हलकान कर दिया है। जीवन प्रभावित हो रहा है। ठंड से मौसमी बीमारियां बढ़ रही हैं। बाजार सुबह देर से खुल रहे हैं और शाम को जल्दी बंद हो रहे हैं। गर्म व ऊनी कपड़ों में लिपटने के बाद भी लोग घरों में दुबके रहते हैं। घर, दफ्तर, दुकान, प्रतिष्ठान आदि में अंगीठी, हीटर, वार्मर आदि जलाकर ठंड से बचाव का प्रयास किया जा रहा है। खेतों में काम करने वाले किसान-मजदूर ठंड व कोहरे से अधिक प्रभावित हो रहे हैं। खेत में देर से पहुंच रहे हैं। वहां भी काम शुरू करने से पहले पत्ती जलाकर शरीर को गर्म करते हैं, इसके बाद कार्य की शुरुआत करते हैं। ठंड से लोगों के पैरों की अंगुलियों में सूजन आ गई है। खांसी, जुकाम, नजला, बुखार, दस्त आदि के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। शनिवार को सुबह करीब 11 बजे सूर्यदेव दिखाई दिए। इसके बाद पूरे दिन हल्की धूप निकली रही, लेकिन ठंड से राहत नहीं मिल सकी। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को अधिकतम तापमान 16.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस कम है। न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से दो डिग्री कम है।

chat bot
आपका साथी