आखिर मान गए हड़ताली. आज से उठाएंगे कूड़ा

नगर पालिका के सफाई कर्मचारियों ने मंगलवार देर शाम को हड़ताल खोलने का ऐलान किया है।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 11 Dec 2019 12:25 AM (IST) Updated:Wed, 11 Dec 2019 12:25 AM (IST)
आखिर मान गए हड़ताली. आज से उठाएंगे कूड़ा
आखिर मान गए हड़ताली. आज से उठाएंगे कूड़ा

मुजफ्फरनगर, जेएनएन : नगर पालिका के सफाई कर्मचारियों ने मंगलवार देर शाम को हड़ताल खोलने का ऐलान किया है। चेयरपर्सन, ईओ और सफाई कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों के बीच करीब दो घंटे तक मंथन वार्ता की गई। जिसमें पालिका प्रशासन ने प्रमुख मांगों पर अपनी सहमति जताई है। कर्मचारी बुधवार से वार्डों के साथ डलावघरों से कूड़ा उठाएंगे। मंगलवार को शहरभर में कूड़ा सड़ता रहा। इसको लेकर लोगों ने सोशल मीडिया पर पालिका के खिलाफ नाराजगी जाहिर की।

नगर पालिका सफाई कर्मचारी संघ पिछले एक साल से अपनी प्रमुख मांगों को लेकर समय-समय पर आंदोलन कर रहे हैं। सोमवार से कर्मचारियों ने हड़ताल कर दी। इससे शहर कूड़े के ढेर पर बैठ गया। कर्मचारियों ने वाहनों चलाने के साथ कूड़ा उठाने में इंकार कर दिया। वार्डों तक में सफाई रोक दी गई। कर्मचारियों ने ईओ और नगर स्वास्थ्य अधिकारी की बात को दरकिनार कर दिया। मंगलवार को शहर के प्रत्येक वार्ड, गली-चौराहों के साथ डलाव घरों पर कूड़ा पड़ा रहा। वाहनों के पहियों और जानवरों ने कूड़े को सड़क तक फैला दिया। इससे नईमंडी, जानसठ रोड, रूड़की रोड, शिव चौक, झांसी की रानी पार्क के अलावा अन्य स्थानों पर कूड़े को लेकर लोगों में आक्रोश रहा। शाम तीन बजे चेयरपर्सन अंजू अग्रवाल, ईओ विनय कुमार मणि त्रिपाठी, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. आरएस राठी और सफाई कर्मचारी संघ के अध्यक्ष राजेश उटवाल, महामंत्री राजूवैद आदि के बीच मंथन वार्ता शुरू हुई। लगभग दो घंटे तक तक वार्ता की गई। जिसमें पालिका प्रशासन ने कर्मचारियों के रात्रि में काम नहीं करने की बात को मान लिया है। कर्मचारियों का पांच फीसद एरियर, 118 और 15 कर्मचारियों का वेतन दिए जाने की मांग पर सहमति जताई है। इसके अलावा सभी कर्मचारियों को सर्दी की वर्दी भी दी जाएगी। इसके बाद सफाई कर्मचारी संघ ने बुधवार को हड़ताल खोलने का ऐलान किया है। बुधवार से पूर्व की भांति वार्डों, डलावघरों से कूड़ा उठाया जाएगा।

chat bot
आपका साथी