अफसरों को नसीहत, नेताओं को पढ़ाया सेवा का पाठ

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से कहा कि कोरोना महामारी में लोगों को किसी प्रकार की परेशान न हो इसके लिए सभी प्रयास करते रहे। किसी भी स्तर पर माहौल खराब नहीं होना चाहिए। जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्रों को दिया जाए। मंत्री विधायक और पार्टी पदाधिकारी लोगों के संपर्क में बने रहें।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 18 May 2021 12:16 AM (IST) Updated:Tue, 18 May 2021 12:16 AM (IST)
अफसरों को नसीहत, नेताओं को पढ़ाया सेवा का पाठ
अफसरों को नसीहत, नेताओं को पढ़ाया सेवा का पाठ

जेएनएन, मुजफ्फरनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से कहा कि कोरोना महामारी में लोगों को किसी प्रकार की परेशान न हो, इसके लिए सभी प्रयास करते रहे। किसी भी स्तर पर माहौल खराब नहीं होना चाहिए। जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्रों को दिया जाए। मंत्री, विधायक और पार्टी पदाधिकारी लोगों के संपर्क में बने रहें।

जिला पंचायत सभागार और हेलीपैड पर मुख्यमंत्री ने केंद्रीय राज्यमंत्री डा. संजीव बालियान, राज्यमंत्री कपिलदेव अग्रवाल, डीएम सेल्वा कुमारी और एसएसपी अभिषेक यादव से बातचीत की। सीएम ने कहा कि कोरोना महामारी के इस दौर पर भी पूर्व की भांति सभी के सहयोग से विजय पाना है। कुछ लोग माहौल खराब करने का प्रयास करेंगे। इसके प्रति सभी को सचेत रहना है। ऐसी नौबत न आए कि लोग सड़कों पर आएं। लोगों की परेशानी को अनदेखा न किया जाए। अधिकारियों से कहा कि गांवों में सर्वे कर पात्रों को राशन की व्यवस्था कराई जाए। सुविधाओं के लाभ से वंचित होने पर लोगों में आक्रोश पनपता है। ऐसी स्थिति न आने पाए। कार्य सुव्यवस्थित ढंग से होना चाहिए। कोविड कंट्रोल रूम की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए।

जनप्रतिनिधियों से कहा कि यह सेवा करने समय है। इस पर योद्धा की भांति मैदान में डटे रहना है। सकारात्मक माहौल रखने के लिए निरंतर प्रयास किए जाए। लोगों के बीच बने रहें। उनकी समस्याएं सुनें और समाधान कराते रहें। लोगों की बातों और शिकायतों का संज्ञान लेते रहें। कार्य एक-दूसरे को स्थानांतरित न करें।

मुख्यमंत्री ने किया पुलिस लाइन में कोविड अस्पताल का निरीक्षण

जेएनएन, मुजफ्फरनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सहारनपुर जाते समय पुलिस लाइन में कोरोना संक्रमित पुलिसकर्मियों के लिए बनाए गए कोविड अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिसकर्मियों के लिए बनाई गई इम्युनिटी किट की सराहना की।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को कलक्ट्रेट में कोविड कमांड सेंटर का निरीक्षण किया। इसके बाद वह रामपुर गांव पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत की। दोनों स्थानों से लौटने के बाद मुख्यमंत्री वापस पुलिस लाइन पहुंचे। मुख्यमंत्री ने पुलिस लाइन में कोरोना संक्रमित पुलिसकर्मियों के लिए बनाए गए कोविड अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों के लिए बनाई गई इम्युनिटी किट की सराहना की। इस दौरान एडीजी मेरठ जोन राजीव सभरवाल, डीएम सेल्वा कुमारी जे, एसएसपी अभिषेक यादव समेत अन्य पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। कोरोना काल में सभी जिलों की पुलिस लाइन में कोरोना संक्रमित पुलिसकर्मियों के लिए अस्पताल बनाए गए हैं। स्थानीय पुलिस लाइन में भी बीस बेड का कोविड अस्पताल बनाया गया है। यहां पर आक्सीजन सिलेंडर से लेकर अन्य सभी सुविधाए हैं। यह है इम्युनिटी किट

एसएसपी अभिषेक यादव ने बताया कि इम्युनिटी किट सभी पुलिसकर्मियों को मुहैया कराई जाएगी। इम्युनिटी किट में एन-95 मास्क, सर्जिकल मास्क, काटन ग्लव्स, फेस शील्ड, आंवला कैंडी, सैनिटाइजर, गर्म पानी के लिए थर्मस, विटामिन सी, मल्टी विटामिन और इनवरमेक्टिन टैबलेट है।

chat bot
आपका साथी