29 बस चुनावी ड्यूटी में, 22 सड़क पर दौड़ी

रविवार के लाकडाउन ने रोडवेज की कमर तोड़ दी। मेरठ-सहारनपुर क्षेत्र में भेजी गई बसें डीजल फूंक कर डिपो में आकर थम गई। खतौली डिपो से 29 बसों को चुनावी ड्यूटी में लगाया गया है जबकि 22 बसों का संचालन स्थानीय मार्गो पर किया गया।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 18 Apr 2021 11:37 PM (IST) Updated:Sun, 18 Apr 2021 11:37 PM (IST)
29 बस चुनावी ड्यूटी में, 22 सड़क पर दौड़ी
29 बस चुनावी ड्यूटी में, 22 सड़क पर दौड़ी

मुजफ्फरनगर, जागरण टीम। रविवार के लाकडाउन ने रोडवेज की कमर तोड़ दी। मेरठ-सहारनपुर क्षेत्र में भेजी गई बसें डीजल फूंक कर डिपो में आकर थम गई। खतौली डिपो से 29 बसों को चुनावी ड्यूटी में लगाया गया है, जबकि 22 बसों का संचालन स्थानीय मार्गो पर किया गया। कोरोना के खौफ के कारण यात्रियों की संख्या घट गई है। लाकडाउन वाले क्षेत्रों में रोडवेज बसों को यात्री नहीं मिले।

मुजफ्फरनगर को छोड़कर आसपास के जनपदों में रविवार को लाकडाउन लागू रहा। मेरठ, सहारनपुर क्षेत्र में पूरी तरह से सड़कें सुनसान रहीं। खतौली डिपो की बसों को दिल्ली से लेकर हरिद्वार, मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा दौड़ाया गया, लेकिन रविवार को यात्रियों की औसत संख्या 30 से भी नीचे रही। इस कारण बसें डीजल फूंक कर डिपो में खड़ी हो गईं। शासन ने एक बस में 50 फीसद ही यात्री बैठाने के निर्देश दिए हैं। रविवार को 29 बसों को चुनावी ड्यूटी में भेजा गया है। डिपो से स्थानीय रूटों में 22 बसें संचालित की गई। इसके अलावा 20 से अधिक बसों को दिल्ली से गोरखपुर के लिए रवाना किया गया है। यह बसें सोमवार शाम तक डिपो में आएंगी। एआरएम परवेज बशीर ने बताया कि डिपो में आने वाली प्रत्येक बस को सैनिटाइज किया जा रहा है। चालक-परिचालकों को कोरोना गाइडलाइन का शत-प्रतिशत पालन करने के लिए कहा गया है।

तीन कर्मचारियों के भरोसे होगी कस्बे में जलापूर्ति

जागरण संवाददाता, खतौली : नगर पालिका के 98 कर्मचारियों की चुनाव में ड्यूटी लगाई गई है। इससे पेयजल आपूर्ति लड़खड़ा गई है। आनन-फानन में पालिका ने संविदा कर्मचारियों को ट्यूबवेल संचालन की जिम्मेदारी सौंपी है। एक दिन के लिए पालिका ने सेवानिवृत्त कर्मचारी को भी काम पर बुलाया है। सफाई कर्मचारियों के ड्यूटी पर जाने के कारण कूड़ा उठाने की प्रक्रिया भी प्रभावित हो गई है।

प्रशासन ने चुनावी ड्यूटी के लिए बड़े पैमाने पर नगर पालिका के कर्मचारियों को भी शामिल किया है। इसमें सफाई कर्मचारियों के अलावा जलकल, टैक्स, पीडब्ल्यूडी के कर्मचारी भी शामिल हैं। एक साथ 98 कर्मचारियों के ड्यूटी पर जाने से गोशाला, पेयजल आपूर्ति और सफाई व्यवस्था चौपट हो गई है। पालिका अधिकारियों ने प्रशासन से ड्यूटी काटे जाने का आग्रह किया था, लेकिन इस पर सुनवाई नहीं हो सकी है। रविवार को चेयरपर्सन बिलकिस ने नवरात्र व रमजान को देखते हुए तीन संविदा कर्मचारियों अजीत, ललित को शिवपुरी, गणेशपुरी, पालिका परिसर के साथ छह स्थानों की ट्यूबवेल संचालन के लिए जिम्मेदारी सौंपी है ताकि पेयजल आपूर्ति बाधित नहीं हो सके। इनका सहयोग करने के लिए सेवानिवृत्त कर्मचारी अय्यूब अब्बासी को भी बुलाया गया है।

चेयरपर्सन बिलकिस ने बताया कि मतदान के पर्व में कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। पेयजल आपूर्ति की वैकल्पिक व्यवस्था के लिए संविदा कर्मचारियों को तैनात किया गया है।

chat bot
आपका साथी