डंपर की टक्कर से महिला की मौत, भीड़ ने चालक को पीटा

मुरादाबाद, जेएनएन : सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में मंगलवार को बाइक सवार एक महिला की डंपर चालक की लापरव

By JagranEdited By: Publish:Wed, 14 Apr 2021 02:39 AM (IST) Updated:Wed, 14 Apr 2021 02:39 AM (IST)
डंपर की टक्कर से महिला की मौत, भीड़ ने चालक को पीटा
डंपर की टक्कर से महिला की मौत, भीड़ ने चालक को पीटा

मुरादाबाद, जेएनएन : सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में मंगलवार को बाइक सवार एक महिला की डंपर चालक की लापरवाही से जान चली गई। महिला की मौत के बाद उग्र हुई भीड़ ने डंपर चालक की पिटाई करते हुए मुरादाबाद- ठाकुरद्वारा बाइपास मार्ग जाम कर दिया। सीओ सिविल लाइंस अनिल कुमार व थाना प्रभारी सहसवीर सिंह ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया। जिसके बाद लोग रास्ते से हट गए और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने डंपर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में मोरा की मिलक के समीप प्रेम नगर के रहने वाले ज्ञान सिंह पेशे से किसान हैं। उनके दो बेटे और तीन बेटियां हैं। इस वक्त खेतों में गेहूं की कटाई चल रही है। मंगलवार सुबह करीब नौ बजे ज्ञान सिंह की पत्नी कृष्णा देवी अपने पुत्र के साथ बाइक पर सवार होकर खेत जा रही थीं। पोस्टमार्टम हाउस रोड पर मोड़ के पास धारक नंगला की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे मां-बेटे सड़क पर गिर गए और डंपर का पिछला पहिया महिला के ऊपर चढ़ गया। महिला की मौत मौके पर ही हो गई। मां की दर्दनाक मौत ने बेटे को झकझोर दिया। उधर चालक मौका पाकर भागने लगा तो युवक ने शोर मचा दिया। राहगीरों ने डंपर चालक को दौड़ाकर दबोच लिया और जमकर पिटाई की। कुछ ही देर में स्वजन व मुहल्ले के लोग मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित भीड़ ने बाइपास मार्ग जाम कर दिया। दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलने पर सीओ सिविल लाइंस अनिल कुमार यादव कुछ ही देर में क्यूआरटी लेकर मौके पर पहुंच गए। उन्होंने डंपर चालक को हिरासत में ले लिया। तीखी नोंकझोंक के बीच पुलिस ने मृतक के स्वजन से बातचीत की। धीरे-धीरे भीड़ का आक्रोश कम हुआ। आधे घंटे बाद जाम खुल गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

chat bot
आपका साथी