मुरादाबाद में वाहन ने टाटा मैज‍िक में मारी टक्‍कर, तीन युवकों की मौत, एक की हालत गंभीर

मुरादाबाद के हरिद्वार हाईवे पर हुए हादसे में तीन युवकों की जान चली गई जबक‍ि एक की हालत गंभीर बनी हुई है। दरसअल एक वाहन ने टाटा मैज‍िक में टक्‍कर मार दी। इससे तीनों युवकों की मौत हो गई।

By Narendra KumarEdited By: Publish:Sat, 08 May 2021 02:11 PM (IST) Updated:Sat, 08 May 2021 02:11 PM (IST)
मुरादाबाद में वाहन ने टाटा मैज‍िक में मारी टक्‍कर, तीन युवकों की मौत, एक की हालत गंभीर
मुरादाबाद में हादसे के बाद क्ष‍त‍िग्रस्‍त टाटा मैज‍िक।

मुरादाबाद, जेएनएन। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में हरिद्वार हाईवे पर शुक्रवार देर रात एक ही मुहल्ले के तीन युवकों की सड़क हादसे में मौत हो गई। वहींं टाटा मैज‍िक के चालक को भी गंभीर चोटें आईं हैं। तीनों के शवों को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। चालक का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। एक साथ तीन युवकों की मौत से घरों में कोहराम मचा है।

सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के प्रेम नगर, भटावली के रहने वाले अरुण कुमार और रोह‍ित कुमार व अगवानपुर न‍िवासी व‍िजय कुमार मजदूर थे। शुक्रवार को तीनों छजलैट थाना क्षेत्र में किसी शादी समारोह में शामिल होने गए थे। रात करीब 12 बजे वे टाटा मैज‍िक (छोटा हाथी) पर सवार होकर घर लौट रहे थे। छोटा हाथी सुरेंद्र निवासी प्रेम नगर चला रहा था। वाहन हरिद्वार हाईवे पर सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में शेरुवा धर्मपुर गांव के सामने पहुंचा था। तभी अज्ञात वाहन ने सामने से टाटा मैज‍िक में टक्कर मार दी। हादसे में चालक समेत चारों युवकों को गंभीर चोटें आईं। उधर आरोपित अज्ञात वाहन मौके से फरार हो गया। राहगीरों ने हादसे की जानकारी अगवानपुर पुलिस चौकी इंचार्ज राजेंद्र सिंह को दी। वह घायलों को साथ लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। वहां विजय और रोह‍ित को चिकित्सकों ने तत्काल मृत घोषित कर दिया। दोनों शव पुलिस ने कब्जे में ले लिया। जबकि कुछ देर तक चले उपचार के बाद अरुण ने भी दम तोड़ दिया। वाहन चालक सुरेंद्र का उपचार जारी है। तीन युवकों की मौत से उनके घरों में मातम पसरा है। मोर्चरी हाउस पर भीड़ जमा है। पुलिस पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने में जुटी है। सिविल लाइन थाना प्रभारी जसवीर सिंह ने बताया कि तीनों शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। तहरीर के आधार पर अज्ञात वाहन व उसके चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। 

chat bot
आपका साथी