UP Assembly Election 2022 : पंचायत चुनाव में हार का दिखा असर, सपा प्रदेश कार्यकारिणी से मुरादाबाद का नाम गायब

UP Assembly Election 2022 राजनीति जानकारों का मानना है कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुरादाबाद के नेताओं की कार्यप्रणाली को लेकर बहुत ज्यादा खुश नहीं है। इसी नाराजगी का असर है कि राज्य कार्यकारिणी में किसी को स्थान नहीं मिला।

By Narendra KumarEdited By: Publish:Wed, 20 Oct 2021 07:50 AM (IST) Updated:Wed, 20 Oct 2021 07:50 AM (IST)
UP Assembly Election 2022 : पंचायत चुनाव में हार का दिखा असर, सपा प्रदेश कार्यकारिणी से मुरादाबाद का नाम गायब
नई कार्यकारिणी में कुछ नए चेहरे को स्थान मिला।

मुरादाबाद, जागरण संवाददाता। UP Assembly Election 2022 : उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सभी पार्टियां तैयारी में जुट गईं हैं। संगठन में फेरबदल के साथ ही नए लोगों को जिम्मेदारी सौंपने का काम किया जा रहा है। समाजवादी पार्टी ने प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा की। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दोबारा से पार्टी अध्यक्ष की जिम्मेदारी नरेश उत्तम पटेल को दी है। इसके साथ ही 71 नेताओं को कार्यकारिणी में शामिल किया गया है। नई कार्यकारिणी में कुछ नए चेहरे को स्थान मिला।

कार्यकारिणी में मुरादाबाद मंडल के चार जनपदों के नेताओं को स्थान दिया गया है, जबकि मुरादाबाद जिले से किसी भी नेता का नाम कार्यकारिणी में शामिल नहीं किया गया। राज्य कार्यकारिणी में जनपद से एक भी नेता का नाम शामिल नहीं होने पर राजनीतिक गलियारों में चर्चा होती रही। जिले से अभी तक कई नेता राज्य के साथ ही राष्ट्रीय कार्यकारिणी के महत्वपूर्ण पदों पर रहे हैं। लेकिन, राज्य कार्यकारिणी की सूची में कोई नेता स्थान नहीं बना पाया। रामपुर के सांसद आजम खां के बेटे अब्दुल्ला आजम को सचिव बनाया गया है। सम्भल से जुगल किशोर वाल्मीकि को सचिव और पूर्व जिलाध्यक्ष फिरोज खां को सदस्य की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके साथ ही अमरोहा से राहुल कुमार को सदस्य और बिजनौर से शिवकुमार गोस्वामी को सदस्य बनाया गया है। इससे पहले राज्य कार्यकारिणी में मौजूदा देहात विधायक हाजी इकराम कुरैशी के साथ ही कुंदरकी विधायक हाजी रिजवान महामंत्री के साथ ही अन्य पदों की जिम्मेदारी निभा चुके हैं। इस मामले में सपा जिलाध्यक्ष डीपी यादव से जब सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि यह संगठन का फैसला है। जिन भी लोगों को जिम्मेदारी दी गई है, उनको बधाई देता हूं। प्रदेश नेतृत्व के फैसले पर कोई टिप्पणी नहीं कर सकता हूं। राजनीति जानकारों का मानना है कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुरादाबाद के नेताओं की कार्यप्रणाली को लेकर बहुत ज्यादा खुश नहीं है। इसी नाराजगी का असर है कि राज्य कार्यकारिणी में किसी को स्थान नहीं मिला। हालांकि, इस मामले में कोई भी नेता खुलकर कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है।

गुरमीत सिंह बेदी बने युवजन सभा के राष्ट्रीय सचिव :  युवजन सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुहम्मद फहद ने मुरादाबाद के गुरमीत सिंह बेदी को युवजन सभा राष्ट्रीय सचिव नियुक्त किया है। जारी हुई समाजवादी पार्टी युवजन सभा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की सूची में मुरादाबाद महानगर के समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता, व्यापारी नेता गुरमीत सिंह बेदी को समाजवादी पार्टी युवजन सभा राष्ट्रीय सचिव नियुक्त किया गया है। नवनियुक्त राष्ट्रीय सचिव गुरमीत सिंह बेदी ने कहा कि वह समाजवादी पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।

chat bot
आपका साथी