जमीन के विवाद में खेत की स‍िंचाई करने गए क‍िसान को मारी गोली, हालत गंभीर, जांच में जुटी पुलिस

सम्‍भल के हयातनगर थाना क्षेत्र के गांव में जमीन के विवाद को लेकर दो पक्षों में झगड़ा चला आ रहा था। ऐसे में खेत पर गए किसान को लाठी-डंडों से पीटने के बाद आरोपितों ने गोली मार दी जिससे किसान घायल हो गया।

By Narendra KumarEdited By: Publish:Thu, 22 Jul 2021 05:17 PM (IST) Updated:Thu, 22 Jul 2021 05:17 PM (IST)
जमीन के विवाद में खेत की स‍िंचाई करने गए क‍िसान को मारी गोली, हालत गंभीर, जांच में जुटी पुलिस
बुधवार की देर शाम खेत पर धान की सिंचाई करने के लिए गया था किसान।

मुरादाबाद, संवाद सूत्र। सम्‍भल के हयातनगर थाना क्षेत्र के गांव में जमीन के विवाद को लेकर दो पक्षों में झगड़ा चला आ रहा था। ऐसे में खेत पर गए किसान को लाठी-डंडों से पीटने के बाद आरोपितों ने गोली मार दी, जिससे किसान घायल हो गया। घायल ने फोन से स्वजन को जानकारी दी। मौके पर पहुंचे स्वजन ने 108 एंबुलेंस की मदद से घायल को उपचार के लिए सम्भल जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

हयातनगर थाना क्षेत्र के गांव बिचपुरी निवासी धर्मवीर उर्फ भोले पुत्र जयपाल यादव का गांव के पास ही खेत है। वहीं उसके पास में क्षेत्र के ही गांव लहर शीश निवासी क्रेश पाल का भी खेत है। जहां पर दोनों का एक दूसरे के खेत में अधिक जमीन होने का आरोप लगाते हुए विवाद चला आ रहा है। स्वजन ने बताया कि करीब तीन साल पहले भी दोनों पक्षों में झगड़ा हो गया था। जहां बाद में ग्रामीणों द्वारा आपस में फैसला करा दिया गया था। उसके बाद दोनों पक्ष अपनी-अपनी खेती करने लगे। उन्होंने कहाकि कि बुधवार की रात करीब आठ बजे गांव बिचपुरी निवासी धर्मवीर अपने खेत पर धान की फसल की सिंचाई करने को गया था। आरोप है कि जहां रात लगभग 11 बजे गांव लहर शीश निवासी क्रेशपाल अपने साथियों के साथ आया और लाठी-डंडों से धर्मवीर की पिटाई करनी शुरू कर दी। जहां बाद में धर्मवीर को गोली मारकर भाग गए। गोली लगने के बाद घायल धर्मवीर ने फोन द्वारा स्वजन को जानकारी दी। मौके पर स्वजन पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपित भाग चुके थे। स्वजन ने थाना हयातनगर पुलिस और डायल 112 व 108 को सूचना दी। मौके पर पहुंची 108 एंबुलेंस की मदद से घायल को स्वजन ने उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सक ने गंभीर हालत देखते हुए घायल को मुरादाबाद रेफर कर दिया। 

प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध लग रहा है। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। यदि तहरीर मिलती है तो मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

सतेंद्र भड़ाना, प्रभारी निरीक्षक हयातनगर

chat bot
आपका साथी