कुछ खेलों पर प्रतिबंध के साथ खुल गया स्टेडियम,सैनिटाइजर और मास्क अनिवार्य Moradabad News

दूसरे खिलाडिय़ों को छूने वाले खेलों पर रहेगा प्रतिबंध सैनिटाइजर व मास्क अनिवार्य। बिना पंजीयन प्रवेश रहेगा वर्जित सुबह को दो व शाम को तीन घंटे खुलेगा स्टेडियम।

By Edited By: Publish:Mon, 01 Jun 2020 03:17 AM (IST) Updated:Mon, 01 Jun 2020 05:50 PM (IST)
कुछ खेलों पर प्रतिबंध के साथ खुल गया स्टेडियम,सैनिटाइजर और मास्क अनिवार्य Moradabad News
कुछ खेलों पर प्रतिबंध के साथ खुल गया स्टेडियम,सैनिटाइजर और मास्क अनिवार्य Moradabad News

मुरादाबाद,जेएनएन।  कुछ खेलों पर प्रतिबंध के साथ सोमवार को सोनकपुर स्टेडियम मेंं खिलाड़ी खेलने के लिए पहुंचे । जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने सोनकपुर स्टेडियम को नियम व शर्तों के आधार पर खोलने की अनुमति दे दी है। दूसरे खिलाडिय़ों को छूकर खेले जाने वाले खेल जैसे कबड्डी, कुश्ती, जूडो, बॉक्सिंग पर फिलहाल प्रतिबंधित रहेगा। क्रिकेट, हॉकी, फुटबॉल, वॉलीबॉल, हैंडबॉल, बैडमिंटन समेत अन्य खेल खेलने की अनुमति होगी। सभी खिलाड़ी अपना सैनिटाइजर लाएंगे और मास्क लगाकर ही खेलेंगे। सिर्फ पंजीकृत खिलाड़ी ही खेल सकेंगे। अपने हाथ सैनिटाइज करने के साथ-साथ खेलों के सामान को भी सैनिटाइज करना होगा। खेलों में शारीरिक दूरी का पालन करना जरूरी होगा। सुबह पांच से सात बजे और शाम को चार से सात बजे तक नियम व शर्तों के आधार पर ही स्टेडियम में खिलाड़ी खेल सकेंगे।

65 साल से ऊपर के बुजुर्गों का प्रवेश वर्जित

सोनकपुर स्टेडियम में 65 साल से अधिक उम्र वाले बुजुर्गों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। क्योंकि 65 साल से ऊपर के बुजुर्गों में कोरोना महामारी के संक्रमण का खतरा अधिक है। लिहाजा बुजुर्गों के प्रवेश पर पूरी तरह से पाबंदी रहेगी। 

जिम पर भी रहेगा प्रतिबंध

सोनकपुर स्टेडियम में जिम की शुरुआत लॉकडाउन लगने से पहले हो चुकी है लेकिन, इसका संचालन नहीं हो पाया था। अब डीएम ने दूसरे खेलों को अनुमति तो दी है लेकिन, जिम फिलहाल शुरू नहीं होगा। इसके अलावा प्राइवेट जिम भी नहीं खुल पाएंगे।

नियमों का उल्लंघन करने पर प्रवेश होगा वर्जित

क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी सोनकपुर स्टेडियम अनिमेष सक्सेना ने कहा कि  जिलाधिकारी के आदेश पर सोमवार से स्टेडियम खुल जाएगा लेकिन, दूसरे खिलाड़ी को छूने वाले खेलों पर प्रतिबंध रहेगा। सैनिटाइजर और मास्क के साथ ही खिलाड़ी स्टेडियम में आएंगे। नियमों का उल्लंघन करने पर अगले दिन से प्रवेश वर्जित कर दिया जाएगा। 

chat bot
आपका साथी