Sonakpur Overbridge : सोनकपुर ओवरब्रिज निर्माण में आएगी तेजी, मंथन करेंगे रेलवे और प्रशासनिक अधिकारी

सोनकपुर ओवरब्रिज निर्माण को रफ्तार देने के लिए सामाजिक संगठनों के साथ ही प्रशासनिक मशीनरी भी तेजी दिखाने लगी है। मंडलायुक्त ने पुल निर्माण को गति देने के लिए रेलवे के अधिकारियों से उनकी प्रगति रिपोर्ट मांगी है।

By Narendra KumarEdited By: Publish:Sun, 25 Jul 2021 10:56 AM (IST) Updated:Sun, 25 Jul 2021 10:56 AM (IST)
Sonakpur Overbridge : सोनकपुर ओवरब्रिज निर्माण में आएगी तेजी, मंथन करेंगे रेलवे और प्रशासनिक अधिकारी
सोमवार को मंडलायुक्त और डीआरएम करेंगे कार्य प्रगति पर मंथन।

मुरादाबाद, जागरण संवाददाता। सोनकपुर ओवरब्रिज निर्माण को रफ्तार देने के लिए सामाजिक संगठनों के साथ ही प्रशासनिक मशीनरी भी तेजी दिखाने लगी है। मंडलायुक्त ने पुल निर्माण को गति देने के लिए रेलवे के अधिकारियों से उनकी प्रगति रिपोर्ट मांगी है। इस मुद्दे को लेकर सोमवार को मीटिंग भी होगी। वहीं, सांसद डा. एसटी हसन भी संसद के जीरो आवर्स में जनहित से जुड़े इस मुद्दे को एक बार फिर से उठाएंगे।

शहर तीस से अधिक कालोनियों के लोगों को सहज आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ ही महानगर में जाम की समस्या से मुक्ति दिलाने के लिए सोनकपुर ओवरब्रिज बनाया गया था। पुल निर्माण के लिए निर्धारित समय सीमा से करीब तीन साल पीछे चल रहा है। दैनिक जागरण ओवरब्रिज निर्माण में तेजी के लिए अभियान चला रहा है। इसमें सामाजिक संगठन भी जुड़ रहे हैं और ओवरब्रिज निर्माण में तेजी लाने के लिए आवाज उठा रहे हैं। इस मुद्दे को लेकर डीआरएम और जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा जा चुका है। अधिकारियों ने कार्य में तेजी लाकर इसे जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया है।

सोमवार को होगी वार्ता : मंडलायुक्त आन्जनेय कुमार सिंह ने ओवरब्रिज निर्माण को गंभीरता से लिया है। सेतु निगम के अधिकारियों को पुल निर्माण के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए थे। सेतु निगम को रेलवे की ओर से काम पूरा करने का इंतजार है। मंडलायुक्त आन्जनेय कुमार सिंह ने बताया कि डीआरएम तरुण प्रकाश से इस संबंध में फोन पर वार्ता हुई थी। उन्होंने इस कार्य में तेजी लाने का भरोसा दिलाया है। ओवरब्रिज निर्माण को लेकर सोमवार को फिर से मंथन होगा। रेलवे की ओर से अपनी प्रगति रिपोर्ट के साथ कार्य जल्द पूरा किए जाने की रिपोर्ट भी जाएगी। हालांकि रेलवे ने पहले जुलाई, फिर अक्टूबर तक अपने हिस्से का काम पूरा करने का आश्वासन दिया था। जुलाई से कार्य में तेजी लाने की बात कही थी। लेकिन, जुलाई बीतने के बावजूद कार्य में तेजी दिखाई नहीं दे रही है।

सांसद उठाएंगे मुद्दा : सांसद डा. एसटी हसन ने बताया कि सोनकपुर ओवरब्रिज का मुद्दा पहले भी संसद में उठा चुके हैं। इस समय संसद में हंगामा चल रहा है। उनका समय भी इस हंगामे की भेंट चढ़ चुका है, वह अपने लिखित सवाल संसद में नहीं उठा पाए। अब जीरो आवर्स में समय मिलने पर इन मुद्दों को फिर से उठाएंगे। उन्होंने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के समय में पुल का कार्य शुरू हो गया था। लेकिन सरकार अपने कार्यकाल में इस पुल का निर्माण पूरा नहीं करा पाई है। ओवरब्रिज अगर चालू हो जाए तो रोजना हजारों लोगों को सहूलियत मिलेगी।

chat bot
आपका साथी