सर, तीन दिन से सो नहीं पाईं हूं, डीएम से इतना कहने के बाद बेहोश होकर गिर पड़ींं अधिशासी अधिकारी
आनन-फानन में जिलाधिकारी ने अस्पताल में भर्ती कराया होश आने पर दैनिक जागरण को बताया-मेरी वजह से कुछ लोगों के मंसूबे कामयाब नहीं हो पा रहे हैं जहां जाती हूंं कर्मचारी और जनप्रतिनिधि पीछा करते हैं। इससे तंग आ चुकी हूं।
अमरोहा, जेएनएन। सर..., तीन दिन से मैं सो नहीं पाई हूं। कर्मचारी व जनप्रतिनिधि प्रताड़ित कर रहे हैं। मुझे पुलिस सुरक्षा चाहिए। यह कहकर नगर पंचायत जोया की अधिशासी अधिकारी दीपिका शुक्ला डीएम दफ्तर में बेहोश होकर गिर गईं। इसके बाद अधिकारियों व कर्मचारियों में खलबली मच गई।
आनन-फानन में जिलाधिकारी उमेश मिश्र ने उनको अस्पताल में भर्ती कराया। जहां स्थिति सामान्य होने के बाद उनको पुलिस सुरक्षा मुहैया करा दी गई। इसके अलावा उन्होंने मामले की जांच कराने के निर्देश भी अधीनस्थों को दिए हैं। देर शाम करीब सात बजे दैनिक जागरण से मोबाइल फोन पर बातचीत करते हुए अधिशासी अधिकारी ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से कर्मचारी व कुछ जनप्रतिनिधि मेरा उत्पीड़न करने में लगे हैं। जहां जाती हूं वहीं, मेरा पीछा किया जाता है। गलत शिकायतें नगर पंचायत के कर्मचारियों से करा रहे हैं। ऐसा सिर्फ जनप्रतिनिधि इसलिए कर रहे हैं कि मेरे रहते हुए उनके मंसूबे कामयाब नहीं हो पा रहे हैं। बीते कुछ दिनों से दिमाग काफी परेशान चल रहा है। तीन दिन पहले दबंगई की हद कर दी। एक कर्मचारी को पीट दिया। इसके बाद अन्य माध्यम से तरह-तरह की धमकियां दिलाई जा रही हैं। दिमाग इस कदर परेशान हो गया था कि तीन दिन से टेंशनबाजी में सो भी नहीं पाई। शनिवार की दोपहर करीब दो बजे जिलाधिकारी से मिलने उनके दफ्तर गई थी ताकि, मुझे पुलिस सुरक्षा मिल सके। उनको पूरी स्थिति से वाकिफ कराते-कराते अचानक चक्कर आ गया और बेहोश हो गई। अब स्थिति में सुधार है। पुलिस सुरक्षा भी मुझको उपलब्ध करा दी गई है।
इओ मेरे पास आईं थीं। वह अपनी बात बताते-बताते अचानक चक्कर खाकर गिर गईं। तुरंत उनको अस्पताल में भर्ती कराया गया। अब उनके स्वास्थ्य में सुधार है। पुलिस सुरक्षा उनको दे दी गई है। उनके द्वारा जो शिकायत की गई है, उसकी जांच कराई जा रही है। जल्द ही सबकुछ साफ हो जाएगा।
उमेश मिश्र, जिलाधिकारी