उपलों के बीच अधजली लाश की हुई शिनाख्त, सौतन ने करंट देकर मारा था मृतक को

रामपुर के शहजादनगर थाना क्षेत्र में 19 जनवरी को जलते उपलों के बीच मिली महिला की लाश की गुत्थी सुलझ गई है। महिला मुजफ्फरनगर जिले के थाना बुढ़ाना के ग्राम लुहसाना की रहने वाली रुमा सैनी थी। उसकी हत्या बरेली में सौतन ने बिजली का करंट लगाकर की थी।

By Sant ShuklaEdited By: Publish:Thu, 04 Mar 2021 09:43 PM (IST) Updated:Thu, 04 Mar 2021 09:43 PM (IST)
उपलों के बीच अधजली लाश की हुई शिनाख्त, सौतन ने करंट देकर मारा था मृतक को
मुजफ्फरनगर की पुलिस ने पति को गिरफ्तार कर लिया है।

मुरादाबाद, जेएनएन। रामपुर के शहजादनगर थाना क्षेत्र में 19 जनवरी को जलते उपलों के बीच मिली महिला की लाश की गुत्थी सुलझ गई है। महिला मुजफ्फरनगर जिले के थाना बुढ़ाना के ग्राम लुहसाना की रहने वाली रुमा सैनी थी। उसकी हत्या बरेली में सौतन ने बिजली का करंट लगाकर की थी। बाद में पति उसकी लाश को कार में डालकर ठिकाने लगाने ले जा रहा था। शहजादनगर थाना क्षेत्र में हाईवे किनारे एक खेत में उपलों का ढेर देखकर उसने लाश को उनके बीच रख दिया और उपलों में आग लगाकर भाग गया था। मुजफ्फरनगर की पुलिस ने पति को गिरफ्तार कर लिया है।

छह साल पहले हुई थी शादी 

मुजफ्फरनगर के थाना शाहपुर अंतर्गत पलड़ी गांव निवासी धर्मपाल सैनी की बेटी रूमा की शादी छह साल पहले नीरज सैनी के साथ हुई थी। उसके दो बच्चे भी हैं। नीरज बरेली में किसी निजी कंपनी में काम करता है। यहां उसने एक अन्य महिला से दूसरी शादी कर ली। इसकी जानकारी रूमा को हो गई थी। वह रूमा को भी बरेली ले आया और बच्चों को गांव में ही छोड़ दिया था। रूमा के बारे में उसके मायके वालों को 19 जनवरी से कोई जानकारी नहीं मिल रही थी। पति से पूछने पर वह संतोषजनक जवाब नहीं दे रहा था। इस पर रूमा के पिता ने 21 फरवरी को मुजफ्फरनगर के थाना शाहपुर में रिपोर्ट दर्ज करा दी। मुजफ्फरनगर पुलिस ने जांच शुरू कर दी। बरेली पहुंचकर उसके पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो रूमा के गायब होने का राज खुला। पुलिस को पता चला कि नीरज सैनी ने रूमा के होते हुए दूसरी शादी कर ली थी। दोनों पत्नियों के बीच विवाद रहने लगा। इसी विवाद में दूसरी पत्नी ने रूमा की हत्या कर दी थी। नीरज कार से उसके शव को कहीं ठिकाने लगाने के लिए निकला था। वह 18 जनवरी की रात बरेली से मुरादाबाद की ओर से जा रहा था। शहजादनगर थाना क्षेत्र के मेघानगला कदीम गांव के पास उसने हाईवे किनारे उपलों का ढेर देखकर कार रोक ली। उपलों के बीच रूमा की लाश रखकर आग लगा दी थी। अगले दिन सुबह ग्रामीणों ने उपलों से धुआं उठते देखा तो वहां पहुंच गए। आग बुझाई तो वहां महिला का शव अधजली हालत में मिला। सूचना पर शहजादनगर थाना पुलिस पहुंच गई। शव कब्जे में लेकर हत्या का मुकदमा दर्ज किया और जांच में जुट गई। लेकिन, शिनाख्त न होने के चलते पुलिस की जांच किसी सिरे पर नहीं पहुंच पा रही थी। थाना प्रभारी कृष्ण कुमार ने महिला की शिनाख्त करने के लिए काफी भागदौड़ की। आसपास जिलों से लेकर इंटरनेट मीडिया का भी सहारा लिया था। पुलिस के लिए मृतका की पहचान करना बड़ा सिरदर्द बन गया था। स्थानीय पुलिस की यह सिरदर्दी मुजफ्फरनगर पुलिस ने दूर कर दी। मुजफ्फरनगर की पुलिस बुधवार की रात नीरज सैनी को बरेली से गिरफ्तार करके अपने साथ ले गई। रास्ते में मुजफ्फरनगर पुलिस नीरज को साथ लेकर उस स्थान पर रुकी, जहां उपलों के ढेर में उसने शव जलाने का प्रयास किया था। घटना स्थल की तस्दीक करने के बाद पुलिस उसे मुजफ्फरनगर ले गई। इस हत्याकांड का खुलासा अब मुजफ्फरनगर की पुलिस करेगी। पुलिस अधीक्षक शगुन गौतम ने बताया कि शहजादनगर थाने में भी नीरज सैनी से पूछताछ की गई। तब उसने बताया कि उसकी दूसरी पत्नी ने करंट लगाकर हत्या की थी। घटना बरेली में हुई है और रिपोर्ट मुजफ्फरनगर में भी दर्ज हुई है। इसलिए इस पूरे मामले की विवेचना अब मुजफ्फरनगर पुलिस ही करेगी। शहजादनगर थाने में दर्ज मुकदमा समाप्त कर दिया जाएगा।

chat bot
आपका साथी