Sambhal crime : मामूली विवाद में ट्रांसपोर्टर पर झोंका फायर, दो को लगे छर्रे, हालत गंभीर

स्वजनों का कहना है कि महमूद हुसैन की बहु रहमत जहां सभासद हैं। इनके 13 वर्षीय पुत्र रय्यान का किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इसे लेकर तनातनी चल रही थी। इसी बात को लेकर चार युवकों ने घटना को अंजाम दिया है।

By Narendra KumarEdited By: Publish:Thu, 24 Sep 2020 11:04 PM (IST) Updated:Thu, 24 Sep 2020 11:04 PM (IST)
Sambhal crime : मामूली विवाद में ट्रांसपोर्टर पर झोंका फायर, दो को लगे छर्रे, हालत गंभीर
मामूली विवाद में ट्रांसपोर्टर पर झोंका फायर

सम्भल, जेएनएन। नखासा थानाक्षेत्र के अंजुमन के पास गुरुवार की रात साढ़े आठ बजे चार युवकों ने 55 वर्षीय ट्रांसपोर्टर पर फायर झोंक दिया। छर्रे ट्रांसपोर्टर के साथ ही उनके साथ खड़े एक अन्य युवक को लगे और दोनों वहीं पर लहूलुहान होकर गिर पड़े। गोली मारने के बाद युवक भाग निकले। आसपास के लोगों ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल भेजा। ट्रांसपोर्टर की हालत गंभीर थी। चिकित्सकों ने दोनों को जिला अस्पताल से मुरादाबाद रेफर कर दिया है। घटना का कारण दो दिन पहले ट्रांसपोर्टर की सभासद बहू के बेटे का कुछ युवकों से हुआ विवाद बताया जा रहा है।

ट्रांसपोर्टर महमूद हुसैन (55) पुत्र इमाम बख्श निवासी खग्गु सराय अपने परिवार के ही बिलाल (18) पुत्र इरशाद के साथ नमाज पढ़कर लौट रहे थे। रास्ते में अंजुमन के पास एक मिठाई की दुकान पर खड़े हो गए। उसी समय चार युवक आए और ट्रांसपोर्टर को निशान बनाते हुए फायर झोंक दिया। गोली के छर्रे महमूद हुसैन और बिलाल को लगे। महमूद के सीने, चेहरे और हाथ में ज्यादा छर्रे लगे जबकि बिलाल को कम छर्रे लगे। घटना के बाद मौके से चारों युवक भाग निकले। लोगों ने दोनों को जिला अस्पताल भेजा। यहां पुलिस भी पहुंच गई और घायलों का बयान लिया। चिकित्सकों ने दोनों को मुरादाबाद रेफर कर दिया है। स्वजनों का कहना है कि महमूद हुसैन की बहु रहमत जहां सभासद हैं। इनके 13 वर्षीय पुत्र रय्यान का किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इसे लेकर तनातनी चल रही थी। इसी बात को लेकर चार युवकों ने घटना को अंजाम दिया है। स्‍वजनों ने इमरान, सलमान, चंदा मिया, मुकीम आदि के खिलाफ पुलिस को तहरीर दे दी है। इंस्पेक्टर नखासा धर्मपाल सिंह ने बताया कि तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर लिया जाएगा। मौके पर पुलिस टीम मौजूद है। जिन युवकों के नाम परिवार वालों ने बताए हैं उनको पकड़ने के लिए दबिश भी दी जा रही है। 

chat bot
आपका साथी