सम्भल में कोल्ड स्टोरेज के कर्मचारियों को बंधक बनाकर दस लाख की डकैती
जनपद बदायूं के थाना फैजगंज बेहटा अंतर्गत ओरछी चौराहे स्थित कोल्ड स्टोरेज पर शनिवार की रात छह बदमाशों ने दस्तक दे दी। तमंचों के बल पर चार कर्मचारियों को बंधक बना लिया। विरोध करने पर चारों को पीटा गया।
सम्भल, जेएनएन। जनपद बदायूं के थाना फैजगंज बेहटा अंतर्गत ओरछी चौराहे स्थित कोल्ड स्टोरेज पर शनिवार की रात छह बदमाशों ने दस्तक दे दी। तमंचों के बल पर चार कर्मचारियों को बंधक बना लिया। विरोध करने पर चारों को पीटा गया। इसके बाद तीन कमरों को खंगाल दिया और दस रुपये की नगदी लेकर भाग गए। बदमाशों के जाने के बाद कर्मचारियों ने शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने बदमाशों की तलाश की, लेकिन उनका कुछ पता नहीं चला। मामले की तहरीर पुलिस को दी गई है।
चन्दौसी के मुहल्ला मोती निवासी बाबू ब्रजकिशोर का चन्दौसी से सटे ओरछी चौराहे पर कोल्ड स्टोरेज है। शनिवार की रात तीन कर्मचारी और एक चौकीदार था। रात लगभग 2.30 बजे छह बदमाश तमंचे लेकर आ धमके। बदमाशों ने आते ही चौकीदार और तीन कर्मचारियों को बंधक बना लिया। कमरे खोलने काे कहा तो कर्मचारियों ने मना कर दिया। इसी बीच बदमाशों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इससे चारों घायल हो गए। बाद में बदमाशों ने कमरे की अलमारी में रखे 10 लाख रुपये निकाल लिए। आधे घंटे तक बदमाश कोल्ड स्टोरेज में आतंक मचाते रहे। बाद में शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। डकैती की सूचना मिलने पर पुलिस में खलबली मच गई। आनन-फानन में फैजगंज बेहटा पुलिस के अलावा पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। घटना की जांच पड़ताल की और जल्द ही आरोपितों को पकड़ने का आश्वासन देकर लौट गए।