कोहरे में हादसों को रोकने के ल‍िए फिर से चलेगा सड़क सुरक्षा सप्ताह अभियान, इस रणनीति पर होगा कार्य

छह से 12 दिसंबर तक सड़क सुरक्षा सप्ताह मनाया जाएगा। इस दौरान सुरक्षित चलने के लिए लोगों को जागरूक क‍िया जाएगा। परिवहन आयुक्त द्वारा इस संबंध में पत्र भी जारी कर द‍िया गया है। कई ब‍िदुंओं पर काम क‍िया जाएगा।

By Narendra KumarEdited By: Publish:Sat, 04 Dec 2021 01:49 PM (IST) Updated:Sat, 04 Dec 2021 01:49 PM (IST)
कोहरे में हादसों को रोकने के ल‍िए फिर से चलेगा सड़क सुरक्षा सप्ताह अभियान, इस रणनीति पर होगा कार्य
प्रदेश भर में छह से 12 दिसंबर तक चलाया जाना प्रस्तावित।

मुरादाबाद, जागरण संवाददाता। कोहरा अब शुरू हो गया है, ऐसे में सड़क दुर्घटनाएं होने की संभावना भी बढ़ गईं हैं। परिवहन मुख्यालय से सभी अधिकारियों को आदेश द‍िए गए हैं क‍ि छह से 12 दिसंबर तक सड़क सुरक्षा सप्ताह मनाएं और सुरक्षित चलने के लिए लोगों को जागरूक करें। परिवहन आयुक्त द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि कोहरे में वाहनों को सुरक्षित चलाने आदि के प्रति जागरूक किया जाना है। इस अभियान में सभी विभागों व स्वंयसेवी संगठन का सहयोग लेने का आदेश दिया गया है। इसके बाद परिवहन विभाग के अधिकारी अभियान शुरू करने की तैयारी में जुट गए हैं।

छह दिसंबर को समारोह का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही आटो संचालकों के साथ बैठक आयोजित की जानी है, इसमें आटो चालकों को सड़क के किनारे वाहन खड़ा न करने की अपील की जाएगी। सात दिसंबर को चार पहिया वाहनों चालकों को सीट बेल्ट लगाने, वाहन चलाते समय मोबाइल पर बात नहीं करने के प्रति जागरूक किया जाना है। आठ दिसंबर को वाहनों के पीछे रिफलेक्टर लगाने, स्कूलों में प्रतियोगिता का आयोजन करने, वाणिज्‍य वाहन चालकों के साथ बैठक की जाएगी। नौ दिसंबर को वाणिज्य वाहनों के चालकों के ल‍िए विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसमें दुर्घटना के बाद घायल को इलाज उपलब्ध कराने के बारे में बताया जाएगा। 10 दिसंबर को वाहनों को चेकिंग के ल‍िए शिविर लगाया जाएगा। इस दौरान जहां बिना हेलमेट पहने लोगों को जागरूक किया जाएगा, वहीं कुछ दो पहिया वाहन चालकों को हेलमेट भी दिया जाएगा। 11 दिसंबर को प्रदूषण जांच केंद्रों का निरीक्षण किया जाएगा। 12 दिसंबर को अभियान का समापन समारोह का आयोजन किया जाएगा। संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) भीमसेन सिंह बताया कि छह दिसंबर से 12 दिसंबर तक मंडल में सड़क सुरक्षा जागरूकता सप्ताह मनाया जाएगा। इस दौरान कोहरे में सुरक्षित वाहन चलाने के बारे में जागरूक किया जाएगा।

chat bot
आपका साथी