Road accident in Sambhal : सम्भल में सड़क हादसे में युवक की मौत, नहीं हुई शिनाख्त
Road accident in Sambhal भाजयुमो जिलाध्यक्ष ने सड़क पर पड़े युवक को अस्पताल में कराया भर्ती। उपचार के दौरान अस्पताल में तोड़़ दिया युवक ने दम।
सम्भल। चन्दौसी के बनियाठेर थाना क्षेत्र के बहजोई-चन्दौसी मार्ग स्थित गांव आटा के पास बाइक और छोटे हाथी में टक्कर हो गई, इससे बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। वहां से गुजर रहे भाजयुमो जिलाध्यक्ष ने जब युवक को सड़क किनारे पड़े देखा तो उसे एक प्राइवेट वाहन से शहर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लेकर आए। जहां उपचार के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया।
युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। युवक की उम्र 30 वर्ष के करीब है। वह नई पल्सर बाइक से था। गांव आटा के पास उसकी टक्कर छोटे हाथी से हुई। हादसे के बाद चालक छोटे हाथी को वहां पर छोड़कर भाग गया। वही बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। तभी इसे बचाने के चक्कर में एक कार भी खंदक में पलट गई थी। गनीमत रही कि कार सवारों को चोट नहीं आई। इसी बीच बहजोई से कार द्वारा भाजयुमो जिलाध्यक्ष विशाल चौहान कार्यकर्ताओं के साथ चन्दौसी लौट रहे थे। जैसे ही उन्होंने हादसा देखा तो वह रुक गए और घायल को अस्पताल लेकर आए। पुलिस को भी सूचना दी, लेकिन उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। प्रभारी निरीक्षक विकास सक्सेना ने बताया कि अभी तक मृतक की शिनाख्त नहीं हुई है। शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है।