Road Accident : सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई कार, मां और बेटे की मौत, दो लोग घायल

मंडल के रामपुर में सड़क हादसे में दिल्ली की महिला और उसके बेटे की मौत हो गई। दो लोग घायल हो गए। ये सभी कार द्वारा शाहजहांपुर से दिल्ली जा रहे थे। सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र में बाइपास पर कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई।

By Narendra KumarEdited By: Publish:Fri, 25 Jun 2021 05:55 AM (IST) Updated:Fri, 25 Jun 2021 05:55 AM (IST)
Road Accident : सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई कार, मां और बेटे की मौत, दो लोग घायल
सड़क किनारे खड़े ट्रक से कार टकराने पर हुआ हादसा।

मुरादाबाद, जागरण संवाददाता। मंडल के रामपुर में सड़क हादसे में दिल्ली की महिला और उसके बेटे की मौत हो गई। दो लोग घायल हो गए। ये सभी कार द्वारा शाहजहांपुर से दिल्ली जा रहे थे। सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र में बाइपास पर कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

न्यू दिल्ली के आजादनगर की सीमा रानी पत्नी दीपक तीन दिन पहले अपने 21 वर्षीय बेटे तुषार के साथ शाहजहांपुर गईं थीं। वहां उनका मायका है। गुरुवार को वह दिल्ली जा रहीं थीं। उनके साथ कार में दो अन्य रिश्तेदार भी थे। कार को उनका बेटा चला रहा था। कोसी बाईपास पर कार पसियापुरा गांव के पास हाईवे किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। तेज आवाज सुनकर लोगों का ध्यान उधर गया। वे मदद के लिए दौड़ पड़े। हादसे के बाद कार में चीख पुकार मच गई। लोगों ने कार में फंसे सभी लोगों को बाहर निकाला। तब तक सूचना पर उप निरीक्षक हारून खां फोर्स के साथ पहुंच गए। उन्होंने सभी घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया। अस्पताल में डाक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया, जबकि बाकी को भर्ती कर इलाज शुरू कर दिया। इलाज के दौरान बेटे की भी मौत हो गई। इस पर मृतका के घायल रिश्तेदार रामेश्वर और दीपा मिश्रा ने हंगामा किया। इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया। सिविल लाइंस कोतवाली प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि सूचना पर मृतका के स्वजन आ गए। महिला के पति की ओर से ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

नदी में डूबकर युवक की मौत : रामपुर के शाहबाद में रामगंगा में नहाने गए युवक की गहराई में जाने से डूबकर मौत हो गई। प्रशासन ने गोताखोरों की मदद से देर शाम उसके शव को ढूंढकर बाहर निकाला। घटना से स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। मिलक थाना क्षेत्र के ग्राम कूप निवासी 30 वर्षीय भोजपाल दोपहर करीब एक बजे साथियों के साथ रामगंगा नदी में नहाने गया था। अचानक उसका पैर नदी में गहरे में पहुंच गया और वह डूबने लगा। साथियों ने बचाने का काफी प्रयास किया, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल पाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों एवं गोताखोरों की मदद से उसके शव को ढूंढने का प्रयास किया। शाम करीब सात बजे उसका शव घटना स्थल से थोड़ी दूर पर मिल गया। घटना से मृतक के स्वजनो एवं पत्नी कृपा देवी का रो रोकर बुरा हाल बना हुआ है। मृतक ने अपने पीछे दो पुत्रियों को छोड़ा है। 

chat bot
आपका साथी