मुरादाबाद में बिना अनुमति के तिरंगा यात्रा निकालने पर 174 लोगों पर कार्रवाई

Tricolor trip in Moradabad सिविल लाइंस थाने के अपराध निरीक्षक ने दर्ज कराया मुकदमा। धारा-144 और महामारी अधिनियम उल्लंघन की धाराओं में मुकदमा दर्ज क‍िया गया है। पुलिस इस मामले में आरोप‍ितों की तलाश में जुट गई है।

By Narendra KumarEdited By: Publish:Thu, 28 Jan 2021 03:17 PM (IST) Updated:Thu, 28 Jan 2021 03:17 PM (IST)
मुरादाबाद में बिना अनुमति के तिरंगा यात्रा निकालने पर 174 लोगों पर कार्रवाई
महामारी अधिनियम का उल्लंघन करने पर मुकदमा दर्ज किया है।

मुरादाबाद, जेएनएन। गणतंत्र दिवस के अवसर पर बिना अनुमति के तिरंगा यात्रा निकालने पर 24 लोगों पर नामजद व 150 अज्ञात पर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की गई है। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में पुलिस ने अज्ञात युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के साथ ही जांच शुरू कर दी है। तिरंगा यात्रा के दौरान युवकों ने सड़क पर स्टंट करने के साथ ही पुलिस के रोकने पर उनके साथ अभद्रता की थी। इसके बाद पुलिस ने बिना अनुमति जुलूस निकालने के साथ ही धारा-144 व महामारी अधिनियम का उल्लंघन करने पर मुकदमा दर्ज किया है।

गणतंत्र दिवस पर जिस समय पुलिस लाइन के परेड ग्राउंड में गणतंत्र दिवस का समारोह चल रहा था, उसी समय सिविल लाइंस थाने से चंद कदमों की दूरी पर डीजे लगाकर बाइक से तिरंगा यात्रा निकाली जा रही थी। इस दौरान युवक सड़कों पर अभद्रता करते हुए बाइक से स्टंट भी कर रहे थे। इस दौरान जब राहगीरों को परेशानी हुई तो सिविल लाइंस थाना पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस सक्रिय हो गई, और लोक निर्माण विभाग गेस्ट हाउस के सामने पुलिस ने युवकों को रोककर पूछताछ करनी शुरू कर दी। पुलिस ने जब युवकों रोककर पूछताछ की तो तिरंगा रैली निकाल रहे युवक अभद्रता करने लगे। इससे पहले पुलिस अफसर कुछ समझ पाते क‍ि पीछे से युवाओं का एक और जत्था आ गया। पुलिस ने युवकों से रैली निकालने के संबंध में अनुमति पत्र दिखाने को कहा तो किसी ने कोई जानकारी नहीं दी, और नारे लगाते हुए आगे बढ़ गए। सिविल लाइंस थाने के अपराध निरीक्षक गजेंद्र त्यागी ने बताया कि जिन युवकों के द्वारा तिरंगा यात्रा निकालकर सड़क पर हुडंदंग किया जा रहा था, उनके द्वारा यात्रा के संबंध में कोई इजाजत नहीं ली गई थी। यह लोग किस संगठन से थे, इसकी भी जानकारी नहीं दी गई। इस मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर 24 युवकों पर नामजद और 150 अज्ञात युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की गई है।

इनके खिलाफ दर्ज किया गया मुकदमा

बिना अनुमत‍ि तिरंगा रैली निकालने पर हिमांशु श्रीवास्तव डबल फाटक, कटघर, गुड्डू सैनी, लाइनपार मझोला, राम राजपूत, बुद्धि विहार मझोला, कार्तिक कटारिया, वाल्मीकि बस्ती, सिविल लाइंस, फाजिल मलिक हरथला स्टेशन रोड सिविल लाइंस, आकिल चौधरी, अगवानपुर, गौरव भटनागर, लाकड़ी फाजिलपुर, अभिनव भटनागर,नवाबपुरा, अजय सोनकर ताड़ीखाना, रिजवान चौधरी अगवानपुर, शौर्य भटनागर लाइनपार, निशांत गौतम कटघर,एकांत पंडित कोतवाली, बिट्टू शर्मा पार्षद का लड़का कटघर, विवेक विष्ट सिविल लाइंस, सुधांशु मौर्या सिविल लाइंस, दीक्षांत सैनी, ऋषि ठाकुर,राहुल पंजाबी, हिमांशु प्रजापति, दिनेश प्रजापति, अभिषेक श्रीवास्तव, योगेश माली, विशाल ठाकुर के साथ ही 150 अज्ञात लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया है।

chat bot
आपका साथी