Republic Day 2021 : मुरादाबाद पुलिस लाइन में इंसास राइफल से दी गई त‍िरंगे को सलामी, कई पुलिस कर्मियों को म‍िला सम्‍मान

Republic Day 2021 Celebration Program in Moradabad पुलिस लाइन में पंचायती राजमंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह ने परेड की सलामी ली। इंसास राइफल और 121 गोलियों से दी गई तिरंगे को सलामी। जय हिंद व भारत माता के जयकारों गूंज रही। इस दौरान कई पुलिस कर्मियों को सम्‍मान‍ित क‍िया गया।

By Narendra KumarEdited By: Publish:Tue, 26 Jan 2021 02:45 PM (IST) Updated:Tue, 26 Jan 2021 02:45 PM (IST)
Republic Day 2021 : मुरादाबाद पुलिस लाइन में इंसास राइफल से दी गई त‍िरंगे को सलामी, कई पुलिस कर्मियों को म‍िला सम्‍मान
पूरा पुलिस लाइन परिसर भारत माता की जय और जय हिंद के नारों से गूंजता रहा।

मुरादाबाद, जेएनएन। पीतल नगरी मुरादाबाद में गणतंत्र दिवस पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। पुलिस लाइन परिसर में आयोजित प्रमुख कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के पंचायती राज मंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह ने तिरंगे को सलामी दी। इस मौके पर कांठ इंस्पेक्टर अजय गौतम समेत उन पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया, जिन्होंने अपने कर्तव्य व दायित्व का बखूबी निर्वाह किया। पूरा पुलिस लाइन परिसर भारत माता की जय और जय हिंद के नारों से गूंजता रहा।

पुलिस लाइन परिसर में सुबह नौ बजे गणतंत्र दिवस परेड का आयोजन शुरू हुआ। सबसे पहले वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रभाकर चौधरी परेड ग्राउंड पर पहुंचे। मुरादाबाद परिक्षेत्र के आइजी रमित शर्मा का काफिला परेड ग्राउंड पर पहुंचा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रभाकर चौधरी के साथ आइजी रमित शर्मा ने पंचायती राज मंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह का मुख्य अतिथि के रूप में स्वागत किया। इसके बाद मुख्य अतिथि ने एसएसपी प्रभाकर चौधरी के साथ गणतंत्र दिवस परेड का निरीक्षण किया। सुबह साढ़े नौ बजे पंचायती राज मंत्री ने ध्वजारोहण किया। इस मौके पर मुरादाबाद पुलिस के जवानों ने इंसास राइफल से 121 गोलियां चलाकर तिरंगे को सलामी दी। गोलियों की आवाज से पुलिस लाइन परिसर गुंजायमान हो गया। एसपी अनिल यादव के नेतृत्व में पुलिस के जवानों ने मनोहारी कदमताल किया। परेड में पुलिस की आठ टुकड़ियों के अलावा ट्रैफिक पुलिस के जवान, पीआरवी वाहन, दमकल का वाहन, चीता बाइक व एनसीसी कैडेट शामिल रहे। इस मौके पर पंचायती राज मंत्री ने सरकार की उपलब्धियां, जन कल्याणकारी योजना व नीतियों से लोगों को रूबरू कराया। उन्होंने कहा कि प्रदेश को अपराध मुक्त करने में पुलिसकर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पूरे प्रदेश में अभियान चलाया गया। आज प्रदेश को अपराध व भयमुक्त करने में काफी हद तक सफलता मिली है। इस मौके पर पंचायती राज मंत्री ने कहा क‍ि थाने के इंस्पेक्टर अजय गौतम के अलावा पुलिस के 32 जवानों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कांठ थाना भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा आयोजित वार्षिक प्रतियोगिता में देश में आठवें व प्रदेश में पहले स्थान पर रहा था। गणतंत्र दिवस परेड के दौरान स्कूली बच्चों ने भी मनोहारी कार्यक्रम प्रस्तुत किए। करीब दो घंटे का कार्यक्रम 11:15 बजे समाप्त हो गया। कोरोना काल के मद्देनजर परेड के दौरान शारीरिक दूरी के नियमों का अनुपालन भी कराया गया। इस मौके पर पुलिस के उच्चाधिकारियों ने उत्साह के साथ गणतंत्र दिवस की बधाई और शुभकामनाएं दीं। 

chat bot
आपका साथी