मास्‍क न लगाने पर फंस गईं नई नवेली दुल्‍हनें, रामपुर के म‍िलक में तीन से वसूला गया जुर्माना

कोरोना संक्रमण बढ़ने के बावजूद लोग गंभीरता नहीं बरत रहे हैं। रामपुर के म‍िलक में वाहन चेकिंग के दौरान मास्‍क न लगाने पर तीन दुल्‍हनों से जुर्माना वसूला गया। मास्‍क न लगाने का कारण पूछने पर एक दुल्‍हन का कहना था क‍ि आज तो उसकी शादी है।

By Narendra KumarEdited By: Publish:Mon, 10 May 2021 06:33 AM (IST) Updated:Mon, 10 May 2021 06:33 AM (IST)
मास्‍क न लगाने पर फंस गईं नई नवेली दुल्‍हनें, रामपुर के म‍िलक में तीन से वसूला गया जुर्माना
दो दुल्हनें विदा होकर ससुराल जा रही थीं।

मुरादादाबाद, जेएनएन। मंडल के रामपुर ज‍िले के मिलक मेें कोरोना काल में मास्क न पहनना नई नवेली दुल्हनों को भी भारी पड़ गया। तहसीलदार ने वाहनों की चेकिंग के दौरान तीन दुल्हनों से भी जुर्माना वसूला। इनमें से एक सज-धजकर लाल जोड़े में विवाह मंडप के लिए जा रही थी। जबकि दो दुल्हनें विदा होकर ससुराल जा रही थीं।

तहसीलदार अशोक कुमार सिंह नवदिया चौराहे पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने नगर से बरेली की ओर जा रही कार को रोका। कार के अंदर लाल जोड़ा पहने दुल्हन स्वजनों के साथ बैठी थी, लेकिन मास्क नहीं लगाया था। उन्होंने दुल्हन से जुर्माना देने के लिए कहा। दुल्हन ने तहसीलदार से गुहार लगाते हुए कहा कि आज उसका विवाह है। वह घर से जिला बरेली स्थित मीरगंज में एक विवाह मंडप के लिए जा रही है। तहसीलदार ने दुल्हन के तर्कों को नहीं माना और मास्क न पहनने पर एक हजार रुपये का जुर्माना वसूला। जुर्माना देने के बाद दुल्हन विवाह मंडप के लिए रवाना हो गई। इसके बाद तहसीलदार बिलासपुर मार्ग स्थित हाईवे के फ्लाईओवर के नीचे वाहनों की चेकिंग करने लगे। यहां नगर से बिलासपुर की ओर जा रही कार को उन्होंने रुकवाया। कार में दुल्हन अपने दूल्हे के साथ बैठी हुई थी, लेकिन मास्क नहीं पहना था। उससे भी जुर्माना देने के लिए कहा। दुल्हन के साथ बैठे दूल्हे ने गलती स्वीकार करते हुए तहसीलदार से क्षमा मांगी। इस पर तहसीलदार ने कहा कि नियमों का कड़ाई से पालन किया जाना जरूरी है। इस महामारी के दौर में लापरवाही प्राणघातक साबित हो रही है। इस पर दुल्हन ने एक हजार रुपये का जुर्माना दिया। जुर्माना देने के बाद वह दूल्हे के साथ कार से ससुराल विदा हो गई। इसके बाद एक और कार को रोका गया। उसके अंदर बैठी दुल्हन ने भी मास्क नहीं पहना था, जबकि दूल्हे ने मास्क लगा रखा था। तहसीलदार ने दुल्हन से मास्क लगाने के लिए कहा और एक हजार रुपये का जुर्माना वसूल किया। जुर्माना अदा करने के बाद यह दुल्हन भी अपनी ससुराल के लिए चली गई। तहसीलदार ने बताया कि वाहन चेकिंग के दौरान तीन दुल्हनों ने मास्क नहीं लगा रखा था। इस पर उनसे एक-एक हजार रुपयेे का जुर्माना वसूल किया गया। रविवार को चेकिंग अभियान के दौरान मास्क न पहनने वालों से 12 हजार रुपये और लाकडाउन का उल्लंघन करने वालों से चार हजार रुपये समेत कुल 16 हजार रुपये का जुर्माना वसूल किया गया।

chat bot
आपका साथी