पहाड़ों पर बारिश से रामपुर की कोसी नदी में बाढ़ का खतरा, लालपुर पुल बंद, लोगों के घरों में घुसा पानी
Rampur Flood Alert दो दिन से लगातार हो रही बारिश से रामपुर जनपद में जन जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। कोसी नदी में रामनगर बैराज से पानी छोड़े जाने से बाढ़ का खतरा पैदा हो गया है। प्रशासन ने बाढ़ चौकियों पर कर्मचारियों को तैनात कर दिया है।
मुरादाबाद, जेएनएन। Rampur Flood Alert : दो दिन से लगातार हो रही बारिश से रामपुर जनपद में जन जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। कोसी नदी में रामनगर बैराज से पानी छोड़े जाने से कोसी नदी में बाढ़ का खतरा पैदा हो गया है। इसे देखते हुए प्रशासन ने बाढ़ चौकियों पर कर्मचारियों को तैनात कर दिया है। साथ ही अस्थाई लालपुर पुल को भी बंद करा दिया है।अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व डा. वैभव शर्मा ने बताया कि उत्तराखंड के रामनगर बैराज से सोमवार शाम कोसी नदी में 42500 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है, जिसके मंगलवार दोपहर तक पहुंचने की संभावना है। इससे बाढ़ का खतरा उत्पन्न हो गया है। जिससे बाढ़ चौकियों पर तैनात कर्मचारियों को अलर्ट कर दिया गया है। नदी किनारे बसे गांव के लोगों को भी सतर्क कर दिया गया है। अस्थाई लालपुर पुल को भी बंद करा दिया गया है। दूसरी ओर दो दिन से हो रही बारिश के कारण कोसी नदी का जलस्तर बढ़ गया है। लालपुर पुल का रास्ता भी कट गया है। इस कारण लोगों की परेशानी बढ़ गई है। अब उन्हें फिर दूसरे रास्तों से होकर जाना पड़ रहा है।
राम रहीम पुल पर सड़क धंस गई : दो दिन से हो रही मूसलाधार बारिश के कारण राम-रहीम पुल की सड़क भी धंस गई है, जो राहगीरों के लिए खतरा बनी है। हालांकि यहां पहले भी सड़क क्षतिग्रस्त हो गई थी। उसे मिटटी डालकर ठीक करा दिया गया था। अब फिर बारिश के कारण और ज्यादा धंस गई है। लोगों का कहना है कि संबंधित अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। इससे हादसे का खतरा है। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी डा.विवेकानंद गंगवार का कहना है कि तेज बारिश के कारण कई जगह जलभराव हुआ है। पालिका कर्मियों ने बारिश के दौरान ही जल निकासी की व्यवस्था भी कराई। खराब सड़क के बारे में जानकारी कर ठीक कराने का प्रयास करेंगे।